थाने पर साड़ियां गिनवाते पुलिसकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद-कन्नौज बार्डर स्थित पुलिस चेक पोस्ट पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने कानपुर की ओर जा रहे लोडर को रोका। थाने में जांच में तीन सौ साड़ियां और पुराने कपड़े मिले। एसओ ने साड़ियां जब्त कर लोडर का चालान कर दिया है। शुक्रवार सुबह क्षेत्र के खुदागंज स्थित काली नदी पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने कानपुर की ओर जा रहे लोडर को रोका। गाड़ी में मौजूद कानपुर के बेकनगंज निवासी मो. गुलजार बारिश ने बताया कि वह पुराने कपडे़ और साड़ियां बेचने के लिए ले जा रहे हैं। लोडर को पुलिस थाने ले आई।
जांच में एसओ को तीन गांठें साड़ियां और पुुुराने कपड़े भी मिले। एसओ सुनील यादव ने गिनती कराईं तो तीन सौ साड़ियां निकलीं। वहीं गाड़ी चालक की पहचानमेरापुर थाना के गांव बूझनपुर निवासी संजेश के रूप में हुई है। एसओ ने बताया कि साड़ियों को कब्जे में लेकर लोडर का चालान कर दिया गया है। उन्होंने बताया साड़ियों को चुनाव क्षेत्र में बांटने का अंदेशा था। उधर, मालिक ने बताया कि 14 से 26 जनवरी तक बढ़पुर स्थित क्रिश्चियन कालेज के मैदान में एक्सपो लगी थी। उसी में फुटपाथ पर पुरानी साड़ियां बेचते हैं। उन्होंने बताया कि मौसम खराब होने के चलते शुक्रवार को कानपुर जा रहे थे।