फर्रुखाबाद। राजेपुर ब्लाॅक क्षेत्र की सहकारी समिति पिथनापुर में 300 बोरी एनपीके खाद डंप है। इसके बावजूद किसानों को खाद वितरण नहीं किया जा रहा है। समिति पर ताले लगे रहने से खाद लेने आने वाले किसान मायूस होकर लौट रहे हैं।
किसानों को इन दिनों रबी की फसल व आलू की बुआई के लिए डीएपी व एनपीके खाद की जरूरत है। इसके लिए किसान समितियों व निजी दुकानों के चक्कर लगा रहे हैं। खाद की किल्लत के बावजूद सहकारी समितियों पर खाद वितरण में मनमानी की जा रही है। राजेपुर ब्लाक क्षेत्र की सहकारी समिति पिथनापुर में अक्सर ताला लगे रहने से किसान परेशान हैं।
किसानों का कहना है समिति में करीब 300 बोरी एनपीके खाद आई थी, जो चोरी-छिपे ब्लैक में बेची जा रही है। खाद न मिलने से फसलों की बुआई लेट हो रही है। सहकारी समिति के सचिव विजेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि समिति की आईडी लॉक हाेने से खाद का वितरण नहीं हो पा रहा है। समिति में 297 बोरी एनपीके खाद रखी है। आईडी खुलते ही वितरण किया जाएगा।
वहीं इफ्को के क्षेत्रीय प्रबंधक प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि पीसीएफ गोदाम से खाद वितरण में चूक हुई है। बिना आईडी खुले समिति को खाद का आवंटन नहीं करना चाहिए था। फिलहाल समिति की आईडी खुलवाने का प्रयास किया जा रहा है। दिल्ली से आईडी खोली जाएगी। इसमें आठ से 10 दिन का समय लग सकता है।