दंत चिकित्सक समेत 21 और संक्रमित
फर्रुखाबाद। जनपद में मंगलवार को आई कोरोना जांच रिपोर्ट में सीएचसी के दंत चिकित्सक, सर्विलांस सेल के दीवान व पालिकाध्यक्ष के बेटे सहित 21 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इनमें किराना व्यापारी व उसके तीन परिजन भी शामिल हैं। इससे जनपद में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 573 पहुंच गया है।
जिले में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। सरकारी विभाग भी इससे अछूते नहीं हैं। एसपी आवास पर संचालित सर्विलांस सेल में तैनात दीवान (32) की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दीवान को सांस लेने में काफी दिक्कत है। हालांकि सभी फाइलों की जिम्मेदारी दीवान की ही होने से संक्रमण और फैलने का खतरा है।
इससे सर्विलांस सेल को 24 घंटे के लिए सील करने के साथ सैनिटाइज कराया गया। कंपिल सीएचसी में तैनात दंत चिकित्सक भी संक्रमित निकले। इससे सीएचसी 24 घंटे के लिए सील कर सैनिटाइज कराया गया। दंत चिकित्सक कायमगंज में भी निजी क्लीनिक चलाते हैं। इससे अन्य मरीजों में भी संक्रमण फैलने का खतरा है।
संपर्क में आए 10 लोगों की सूची बनाई गई है। शमसाबाद के मोहल्ला रावत टोला निवासी किराना व्यापारी(60) के पांच दिन पूर्व संक्रमित होने की पुष्टि के बाद परिजनों का नमूना लिया गया था। इसमें व्यापारी की पत्नी (56), पुत्र(32), पुत्री (36) व पुत्रवधू (30) की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा मोहम्मदाबाद ब्लाक क्षेत्र के गांव पमरखिरिया निवासी युवक(32) संक्रमित मिला।
लोहाई रोड निवासी नगर पालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल के बेटे देवांश अग्रवाल को सोमवार को बुखार आया। इससे पालिकाध्यक्ष के पति पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल ने पूरे परिवार, कार चालक व कर्मचारियों की कोरोना जांच कराई। इसमें देवांश की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पूर्व एमएलसी ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे को बुखार आने पर उसी दिन एक कमरे में आइसोलेट कर दिया था।
इसके अलावा शमसाबाद क्षेत्र के गांव पसियापुर स्थित पीएचसी के फार्मासिस्ट की फैसिलिटी क्वारंटीन सेंटर मेजर एसडी सिंह मेडिकल कालेज में ड्यूटी पर हैं। वह फतेहगढ़ के आंबेडकर नगर में रहते हैं। उन्होंने पूरे परिवार की जांच कराई तो फार्मासिस्ट, उनकी पत्नी(36) व मां(65) के संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इसी मोहल्ले का वृद्ध(60) व उनका पुत्र (27) की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गांव नगला भूड़ निवासी दरोगा(58) जनपद हाथरस में तैनात हैं। ड्यूटी के दौरान हुई जांच में वह संक्रमित पाए गए। आवास विकास कालोनी निवासी ट्रैक्टर डीलर युवक की दो अगस्त को पॉजिटिव रिपोर्ट आने पर परिजनों की जांच की गई। इसमें पत्नी (35) व बेटी (14) की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
इसी मोहल्ले की महिला (51), बेवर रोड भोलेपुर निवासी युवक(33), नेकपुर चौरासी निवासी युवती(27), मोहल्ला चोबदारान निवासी वृद्ध(70) व परिवार की वृद्धा(65) भी जांच रिपोर्ट में संक्रमित मिलीं। जनपद में कोरोना संक्रमित कुल मरीजों की संख्या 573 हो गई है। इनमें 373 मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। 12 मरीजों की मौत हो चुकी, जबकि 188 केस एक्टिव हैं।