नवाबगंज (फर्रुखाबाद)। नवाबगंज सीएचसी में बने आवासों पर रिटायर्ड कर्मचारियों ने कब्जा कर रखा है। इससे सीएचसी में कार्यरत कर्मचारियों को भटकना पड़ता है। इसी के चलते सोमवार को एमओआईसी ने इन लोगों को नोटिस जारी किया है। साथ ही सीएमओ को सभी की पेंशन व वेतन से रिकवरी की संस्तुति की है।
नवाबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कर्मचारियों के लिए आवास बने हैैं। एक आवास पर करीब चार माह पूर्व रिटायर हो चुकी कर्मचारी राधा गुप्ता का कब्जा है। वह यहां पर रहती भी नहीं हैं बस उनका ताला आवास में लटक रहा है। इसी तरह एक अन्य चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी राम शंकर पाल भी आठ माह पहले रिटायर हो चुके हैं। उनका भी आवास में कब्जा है।
वहीं, स्टाफ नर्स यज्ञेश कुमारी लोहिया अस्पताल में तबादले के बावजूद आवास में कब्जा किए हैं। सोमवार को एमओआईसी सुमित राजपूत ने तीनों को आवास खाली करने का नोटिस जारी किया है। साथ ही सीएमओ को उनकी पेंशन व वेतन से रिकवरी करने की संस्तुति की है। उन्होंने बताया कि एक बार पहले भी तीनों को नोटिस जारी किया जा चुका है। ब्यूरो