फर्रुखाबाद। लोहिया अस्पताल में सोमवार को मरीजों की भीड़ रही। लेकिन ओपीडी में मात्र तीन ही डाक्टर होने से मरीजों को परेशानी उठानी पड़ी। बदलते मौसम में बच्चे ज्यादा बीमार हो रहे हैं। इसके चलते बाल रोग विशेषज्ञ के कक्ष के बाहर भीड़ लगी रही। सोमवार को 1175 नए पर्चे बनाए गए।
रविवार के अवकाश के बाद सोमवार को लोहिया अस्पताल की ओपीडी में सुबह से मरीजों की भीड़ रही। पर्चे बनवाने के लिए काउंटर पर धक्का मुक्की होती रही। डा. मनोज पांडेय, हड्डी रोग विशेषज्ञ डाक्टर आरएन सिंह और ईएनटी डा. शिखर सक्सेना के न होने से काफी मरीज मायूस होकर लौट गए। फिजीशियन डा. आशोक कुमार के कक्ष के बाहर मरीजों की भीड़ लगी रही। जल्दी दिखाने के चक्कर में लोग धक्का मुक्की करते रहे।
बदलते मौसम में बच्चों को बीमारियां घेर रही हैं इसके चलते बाल रोग विशेषज्ञ के कक्ष में भी लोग बच्चों को दिखाने के लिए सुबह से ही लाइन में लग गए। बाल रोग विशेषज्ञ डा. राजेश तिवारी ने बताया कि इन दिनों बच्चों को जुखाम व बुुखार ज्यादा पकड़ रहा है। अब मौसम बदलने लगा है। इससे मच्छर बढ़ रहे हैं और मलेरिया तेजी से पैर पसार सकता है। बच्चों को इन दिनों फुल बांह के कपड़े ही पहना कर रखें। साथ ही मच्छरों से बचने का उपाय भी करें।
तहसील दिवस में जाने का लगा दिया बोर्ड
फर्रुखाबाद। तहसील दिवस का नाम संपूर्ण समाधान दिवस हो चुका है। लेकिन लोहिया अस्पताल में अभी भी तहसील दिवस के ही बोर्ड लगे हैं। सोमवार को तो कहीं संपूर्ण समाधान दिवस भी नहीं था, इसके बाद भी डा. शिखर सक्सेना के कक्ष के बाहर बोर्ड लगाया दिया गया कि डाक्टर तहसील दिवस में गए हैं।