फर्रुखाबाद। सोमवार को आई कोरोना जांच रिपोर्ट में 167 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इसमें पंचायत चुनाव के दो आरओ व चार डॉक्टर भी शामिल हैं। वहीं शहर के हड्डी रोग विशेषज्ञ समेत तीन की कोरोना से मौत हो गई। जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 7271 पहुंच गया है।
शहर के आवास विकास कालोनी निवासी हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. बृजेश यादव की 22 अप्रैल को कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उन्हें नोएडा स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ऑक्सीजन लेबल कम था। रविवार देर रात उनकी मौत हो गई। इसके अलावा सरकारी एबुंलेंस(एएलएस) चालक बरौन निवासी 40 वर्षीय युवक तथा भोलेपुर निवासी महिला(48) ने भी दम तोड़ दिया।
वहीं जांच रिपोर्ट में पंचायत चुनाव के आरओ मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राजकिशोर सिंह, अधिशासी अभियंता हरिबरन सिंह व उमेश कुमार के अलावा नेकपुर चौरासी निवासी डॉक्टर(51), शहर के एक डॉक्टर(61), सीएचसी कायमगंज के महिला व पुरुष डॉक्टर के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। कोविड कंट्रोल सेंटर का एक कर्मचारी भी कोरोना की चपेट में आ गया। नेकपुर चौरासी निवासी 11 लोग, बाग लकूला के तीन लोग, नगला दीना निवासी वृद्ध, ठंडी सड़क निवासी वृद्धा सहित दो महिला सहित शहरी क्षेत्र के 94 लोग संक्रमित हुए हैं। कायमगंज क्षेत्र के 16, कमालगंज क्षेत्र के 14, मोहम्मदाबाद के चार, नवाबगंज के सात व शमसाबाद क्षेत्र के 31 लोग कोरोना की चपेट में आए हैं। जनपद में अब तक 7271 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 5587 लोग कोरोना को मात देकर ठीक हो चुके, जबकि 118 जान गवां चुके हैं। हालांकि पोर्टल पर अभी 116 लोगों की ही एंट्री की गई है। जिले में अभी 1568 केस एक्टिव हैं।