फर्रुखाबाद। अलीगंज-आलीपुर खेड़ा मार्ग एक निजी बस की टक्कर से भाई-बहन की मौत हो गई। भाई अपनी बेटी की शादी में शामिल होने के लिए बहन को लेकर घर आ रहा था।
कायमगंज कोतवाली के गांव महादेवपुर निवासी किसान गौतम राजपूत(47) की बेटी सावित्री की सात मई को शादी है। वह शादी का कार्ड देने के लिए अपनी छोटी बहन गंगाजली(40) निवासी मेहुआ, थाना अलीगंज(एटा) गए थे। कार्ड देने के बाद बहन को साथ लेकर बाइक से घर आ रहे थे।
अलीगंज-आलीपुर खेड़ा मार्ग पर दाउदगंज के पास एक निजी बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में गंगाजली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गौतम बुरी तरह से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गौतम को कायमगंज सीएचसी भेजा, जहां से लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
गौतम के चार पुत्र देव सिंह, सुखदेव, रामभजन व नागेंद्र हैं। वहीं बेटी मिथलेश, पान कुमारी व सावित्री हैं। गंगाजली के दो बेटे विपिन व पवन तथा बेटी अर्चना व रुचि हैं। शादी की तैयारियों में लगे परिवार के लोगों की खुशी दो मौतों से मातम में बदल गई।