कायमगंज (फर्रुखाबाद)। नगरपालिका बोर्ड की बैठक में आय व्यय के ब्योरा की मांग व सभासदों की समिति गठित करने की मांग को लेकर जमकर हंगामा हुआ। इससे बजट सत्र की बैठक में कोई प्रस्ताव पास नहीं हो सका।
नगरपालिका में सोमवार को नए बजट सत्र की बैठक बुलाई गई। इसमें 25 में से 22 सभासद शामिल हुए। ईओ केएन रावत ने बजट वर्ष 2019-20 की स्वीकृति के लिए प्रस्ताव रखा तभी बैठक में मौजूद सभासद पिछले वर्ष का आय व्यय का ब्योरा मांगने लगे। सभासदों ने बैठक में अपने प्रस्ताव रखे। इसमें मांग की गई कि नगरपालिका में सफाई व्यवस्था पथ प्रकाश, जलकर विभाग, टैक्स विभाग एवं अन्य कार्यों के लिए जो आउट सोर्सिंग से कर्मचारियों की पूर्ति की जाती है उसकी संख्या 105 से अधिक न हो। इन कर्मचारियों की पूर्ति करने वाले ठेकेदारों से दो प्रतिशत टैक्स लिया जाए। कर्मचारियों के मानदेय का भुगतान उनके खाते में किया जाए। प्रकाश व्यवस्था से संबधित उपकरणों की खरीद व आपूर्ति के लिए सभासदों की समिति का गठन हो। इसी तरह निर्माण कार्य, डीजल की खरीद, विविध भुगतान, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य विभाग की सभासदों की समिति गठित होनी चाहिए। साथ ही सभासदों ने दूसरा प्रस्ताव रखते हुए कहा कि पिछले वर्ष का आय व्यय का ब्योरा कई बार मांगा जा चुका है, लेकिन उसे उपलब्ध नहीं कराया गया। पालिका के लिए किसी भी वस्तु की खरीद एवं निर्माण कार्यों में मानक के अनुरूप कार्य नहीं किया जाता है। पिछले वर्ष की बैठक में सभी सभासदों ने अध्यक्ष को पांच लाख रुपये का विशेष वित्तीय अधिकार दिया था। इसे वह मनमाने तरीके से इस्तेमाल कर रहे हैं।
बोर्ड द्वारा दिए गए इस विशेष अधिकार को वापस लेने के लिए प्रस्ताव दिया। इन मांगों को लेकर सभासद बैठक में हंगामा करने लगे। सभासदों ने नए सत्र का बजट पास होने सेे पहले अपने प्रस्ताव पास कराने की मांग रखी। बैठक में सभासद अपने-अपने वार्ड की समस्याएं रखते हुए अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाने लगे। अध्यक्ष ने कहा कि जब सभासद विकास कार्य नहीं करने देंगे तो वह घर बैठेंगे। वह जनता के वोट से अध्यक्ष बने हैं किसी सभासद के वोट से नहीं चुने गए। सभासद तो अपना चुनाव लड़ते हैं इस पर कई सभासद गुस्से में आ गए और तेज लहजे में वार्ता होने लगी। हंगामा होने की वजह से बैठक स्थगित कर दी गई।
बैठक में नए सत्र में 17 करोड़ 18 लाख एक हजार 700 रुपये का बजट पेश करने के जिए रखा गया था। सभासदों के विरोध से नए सत्र का बजट पास नहीं हो सका। बैठक में अध्यक्ष सुनील कुमार चक, ईओ के एन रावत, वरिष्ठ लिपिक रामभुवन यादव, सभासद दरवेश कुमारी, माया शर्मा, त्रप्ति रस्तोगी, लक्ष्मी, स्नेहलता, रेखा कौशल, बेबी, रूबी, पूजा शुक्ला, प्रेमचंद्र, मौजीलाल, सचिन यादव, मो. आसिफ, विजय बाबू, आसिफ मंसूरी आदि मौजूद रहे।