फर्रुखाबाद। बड़े शहरों के बाद अब छोटे शहरों में भी पशुओं की प्रतियोगिताएं होने लगी हैं। शहर के एक गेस्ट हाउस में फर्रुखाबाद केनल क्लब एक डॉग शो का आयोजन कराने जा रहा है। इसमें कई नस्लों के कुत्ते हिस्सा लेेंगे।
फर्रुखाबाद केनल क्लब की ओर से 30 दिसंबर को शहर के बढ़पुर स्थित एक गेस्ट हाउस में डॉग शो का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए क्लब ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। क्लब के पंकज सिंह जादौन ने बताया कि इसमें कई जिलों के कुत्ते हिस्सा ले सकते हैं। इसके लिए रजिस्ट्रेशन नेकपुर स्थित कुत्ता स्वास्थ्य केंद्र में होगा। इसमें 200 रुपये प्रति कुत्ता के हिसाब से रजिस्ट्रेशन शुल्क देना होगा। यह प्रतियोगिता पहले कुत्तों की नस्ल के बीच होगी। अपनी अपनी नस्ल का बेस्ट कुत्ता फाइनल राउंड में हिस्सा लेगा। इसमें जीतने वाले तीन कुत्तों को पुरस्कृत किया जाएगा।
बताते चले यह फर्रुखाबाद जनपद में होने वाला पहला डॉग शो होगा। इसके लिए क्लब के अध्यक्ष राजनंदन सिंह उर्फ पम्मी, सदस्य विनोद विहारी सिंह, प्रदीप सोमवंशी, प्रतीक, शुभम तिवारी आदि ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
फर्रुखाबाद केनल क्लब के अध्यक्ष राजनंदर सिंह ने बताया कि डॉग शो के आयोजन की तैयारियां कर ली गई हैं। सिटी मजिस्ट्रेट को परमिशन के लिए पत्र दिया गया है। एक दो दिन में परमिशन मिल सकता है।
डॉग शो में दिखेंगे कई नस्लों के कुत्ते
डॉग शो में जर्मन शेफर्ड, लेब्राडोर, गोल्डन रिट्राइवर, डॉबरमैन, डलमैटियन, बॉक्सर, बीगल्स, डैशड, मास्टिफ, रोड विलर, कल्चर पॉम, अमेरिकन बुली और पग जैसे लोकप्रिय नस्लों के कुत्ते नजर आएंगे।
पप्पी के लिए अलग होगी प्रतियोगिता
शो के आयोजक ने बताया कि डॉग शो में पप्पी (कुत्ते के बच्चे) के लिए अलग प्रतियोगिता होगी। इसमें भी तीन विजेता पप्पी को पुरस्कृत किया जाएगा।