लूट के आरोपी सिपाही ने किया समर्पण, भेजा गया जेल
फर्रुखाबाद। 16 साल पुराने लूट के मुकदमे के आरोपी सिपाही ने अदालत में मंगलवार को आत्म समर्पण कर दिया। न्यायाधीश ने आरोपी को अभिरक्षा में लेकर जेल भेज दिया। उसकी जमानत पर सुनवाई के लिए 13 दिसंबर की तारीख लगाई है। आरोपी सिपाही वर्तमान में कंपिल थाने में तैनात है।
अमृतपुर थाना क्षेत्र के गांव हरसिंहपुर गहलवार निवासी रेखा देवी पत्नी गिरीश सिंह ने सिपाही ओम प्रकाश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें कहा कि उसने एक व्यक्ति के खिलाफ थाने में शिकायत की थी। उसके समर्थन में सिपाही ओम प्रकाश ने 26 जनवरी 2002 को घर में घुस कर मारपीट की थी। इस दौरान उसके व उसकी पुत्री के जेवर व 15 हजार रुपये लूट लिए थे। उस समय सिपाही अमृतपुर थाने में तैनात था। आरोपी को 21 अगस्त 2002 को सम्मन जारी कर कोर्ट ने तलब किया गया था। वह कोर्ट में हाजिर नहीं हुआ। न्यायालय से आरोपी सिपाही के खिलाफ 2 गैर जमानती वारंट और कुर्की नोटिस जारी किया था। मंगलवार को आरोपी सिपाही ओम प्रकाश ने अधिवक्ता के माध्यम से विशेष अदालत एंटी डकैती में आत्म समर्पण किया। न्यायाधीश ने आरोपी को अभिरक्षा में लेकर जेल भेज दिया। अधिवक्ता ने आरोपी की जमानत याचिका पेश की। जिस पर सुनवाई के लिए 13 दिसंबर की तारीख लगाई गई है।