फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुराने आलू ने दिए फिर किसानों की आंखों में आंसू

विज्ञापन
विज्ञापन
फर्रुखाबाद। आलू की नई पैदावार की आवक मंडी में शुरू हो चुकी है। पुराने आलू की मांग गिरने से किसान परेशान हैं। शुरुआती सीजन में किसानों को उनकी उपज का वाजिब दाम मिलता रहा, लेकिन दिवाली के दिये की लौ बुझते ही पुराने आलू के दाम धड़ाम हो गए। 1000 से 1400 रुपये प्रति क्विंटल में बिक रहा आलू का भाव अब 150 से 200 रुपये ही रह गया हैं। अब किसान शीतगृहों में रखे आलू को छुटाने की हिम्मत भी नहीं जुटा पा रहे हैं। जिले के शीतगृहों में लगभग चार लाख पैकेट आलू अभी भी मौजूद है।
विज्ञापन


नवंबर माह के मध्य से नए आलू की आवक मंडी में शुरू हो गई। किसानों को उम्मीद थी कि मौसम अनुकूल न होने से आलू की आवक देर से शुरू होगी, जिससे शीतगृहों में भंडारित पुराने आलू का भाव उन्हें कुछ मुनाफा देकर जाएगा। दिवाली से पूर्व आलू का भाव 1000 से 1400 रुपये प्रति क्विंटल था, जिसकी डिमांड बंगाल, बिहार व असम में बनी हुई थी। आलू का भाव 13 नवंबर से गिरना शुरू हो गया। उस समय जनपद के शीतगृहों में 10 लाख पैकेट आलू भंडारित था। जैसे ही आलू का भाव गिरना शुरू हुआ, किसानों ने अपना आलू निकालना शुरू किया। बाहर की मंडियों में आलू अधिक पहुंचने से भाव और भी गिर गया। शीतगृह एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष मनोज रस्तोगी पप्पू ने बताया कि दिवाली तक बंगाल का आलू नहीं निकला था। जैसे ही बंगाल के आलू ने बिहार और असम पर कब्जा किया। फर्रुखाबाद के आलू की मांग बिहार में कम हो गई और इसके साथ ही पंजाब ने आगरा मंडी में इतना आलू उड़ेल दिया कि फर्रुखाबाद के आलू की मांग घट गई। आज अन्य प्रदेशों में जिले के आलू की मांग नहीं रही। जिसके चलते भाव गिरता गया। आज 200 रुपये प्रति क्विंटल आलू लेने के लिए व्यापारी तैयार नहीं है। जिससे किसानों को घाटा उठाना पड़ रहा है।

शीतगृह एसोसिएशन के सचिव उमेश अग्रवाल ने बताया कि यह स्थिति लगभग 14 वर्ष बाद बनी है। 2004-05 में भी दिवाली के बाद यही स्थिति बनी थी। जिससे किसानों की कमर टूट गई थी। किसान नारद सिंह कश्यप ने बताया कि वर्तमान में 205 रुपये क्विंटल शीतगृह का भाड़ा है और भाव 200 रुपये क्विंटल हैं, ऐसी स्थिति में किसान आलू शीतगृहों में छोड़ रहा है। नए आलू की आवक भी मंडी में शुरू हो चुकी है। लेकिन पुराने आलू के भाव गिरने के चलते नए आलू का भाव 700 रुपये प्रति पैकेट (50 किग्रा.) का भाव घटकर 350 रुपये प्रति पैकेट रह गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें