फर्रुखाबाद। मध्याह्न भोजन योजना के तहत मां समूह की वेबसाइट पर ऑनलाइन पोर्टल पर फीडिंग न करने पर बीआरसी राजेपुर के कंप्यूटर आपरेटर का बीएसए ने वेतन रोक दिया है। अन्य बीआरसी के कंप्यूटर आपरेटरों को चेतावनी जारी की है। तीन दिन में फीडिंग का काम पूरा करने का आदेश दिया है।
ब्लाक क्षेत्र के सभी विद्यालयों में गठित मां समूह का डाटा पोर्टल पर ऑनलाइन फीड होना है। अभी तक बढ़पुर ब्लाक के 174 स्कूलों में से 139 के मां समूह की फीडिंग की गई। 35 की फीडिंग अभी लंबित है। कायमगंज ब्लाक क्षेत्र के 284 स्कूलों में से 234 की फीडिंग हुई और 50 अभी लंबित हैं। कमालगंज ब्लाक के 313 स्कूलों में से 163 की फीडिंग की गई। 150 स्कूलों के मां समूह की फीडिंग अधर में लटकी है।
मोहम्मदाबाद ब्लाक क्षेत्र के 351 स्कूलों में से 201 की फीडिंग हुई और 150 होने शेष हैं। नवाबगंज ब्लाक क्षेत्र के दो सौ स्कूलों के मां समूह की फीडिंग नहीं हुई है। राजेपुर ब्लाक क्षेत्र के 284 स्कूलों में से किसी भी विद्यालय के मां समूह की ऑनलाइन फीडिंग नहीं की गई। शमसाबाद ब्लाक क्षेत्र के 52 और नगर क्षेत्र फर्रुखाबाद के 50 स्कूलों के मां समूह की फीडिंग लंबित है। बीएसए रामसिंह ने तीन दिन में सभी समूह की ऑनलाइन फीडिंग करा कर रिपोर्ट देने का आदेश खंड शिक्षा अधिकारी और नगर शिक्षा अधिकारी को दिया है।