फर्रुखाबाद। तीन से पांच दिसंबर तक चलने वाले धम्म प्रवचन समारोह में मुख्यमार्ग से लेकर दलाईलामा का मंच लाइटों से चमकेगा। इसके लिए स्ट्रीट लाइटें लगवाने का काम शुरू हो गया है। इसके साथ ही फर्रुखाबाद और मैनपुरी जिला प्रशासन से कार्यक्रम स्थल पर शौचालय और पानी के टैंकर भेजने की भी मांग की गई है।
वाईवीएस सेंटर राजघाट मैनपुरी में दलाईलामा के कार्यक्रम को लेकर पांडाल बनाया गया है। बुधवार को कार्यक्रम स्थल से लेकर मुख्यमार्ग तक लाइटों को लगाने का काम शुरू हो गया। यूथ बुद्धिष्ठ सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश बौद्ध और भंते डॉ. उपनंद ने टीम के साथ कार्यक्रम का जायजा लिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि मैनपुरी और फर्रुखाबाद जिला प्रशासन से 10-12 पानी के टैंकर और मोबाइल शौचालय लगवाने की मांग की गई है। टैंकरों में करीब 100 अस्थायी टोटियां कमेटी लगवाएगी। इसके साथ ही कमेटी ने बेवर-सरायमार्ग और काली नदी मार्ग से लेकर दलाईलामा के मंच तक स्ट्रीट लाइटों को लगवाने का काम शुरू करवा दिया है।
उधर, मोहम्मदाबाद हवाई पट्टी जाने वाले मार्ग का मरम्मतीकरण जिला प्रशासन ने शुरू करा दिया है। सोसाइटी के पदाधिकारियों ने हवाई पट्टी जाकर हो रहे काम को देखा। उन्होंने मोहम्मदाबाद चौराहा से नींबकरोरी तक जाने वाले मार्ग को भी ठीक करवाने की मांग की। इस मौके पर डॉ. नवल किशोर शाक्य, कैप्टन प्रभात शाक्य, प्रधान मिथुन शाक्य, अर्जुन शाक्य, नोइल खान, नरेंद्र शाक्य, पंकज शाक्य, सुब्रत शाक्य, प्रवेश शाक्य आदि मौजूद रहे।