कायमगंज (फर्रुखाबाद)। ट्रेन में सफर करने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब लाइन में लगकर टिकट खरीदने की झंझट खत्म हो गई है। सामान्य श्रेणी के यात्रियों के लिए अब रेलवे ने यूटीएस (अन रिजर्व टिकटिंग सिस्टम) एप लांच किया है। इस एप से घर बैठे ही टिकट बुक कर सकते हैं और स्टेशन पहुंचकर सीधे ट्रेन में बैठ सकते हैं। वहीं कायमगंज रेलवे स्टेशन पर एटीवीएम (आटोमेटिक वेंडिंग मशीन) लगा दी गई है। इसका भी यात्रियों को लाभ भी मिल रहा है।
कायमगंज रेलवे स्टेशन पर एक ही बुकिंग विंडो खुलने से यात्रियों को लंबी लाइन लगाकर टिकट खरीदना पड़ता था। ऐसे में कभी कभी या तो ट्रेन छूट जाती थी या फिर मजबूरी में बिना टिकट ही यात्रा करना पड़ती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। रेलवे की यूटीएस एप सेवा से सुविधा मिल रही है। एंड्राएड मोबाइल का इस्तेमाल करने वाले यात्री इस सेवा का लाभ उठा रहे हैं। स्टेशन के मुख्य वाणिज्य अधीक्षक रणवीर सिंह ने बताया कि कायमगंज स्टेशन पर 272 एमएसटी बनी हुई हैं। रोज औसतन चार जनरल टिकट की बिक्री होती है। इससे स्टेशन पर काफी भीड़ रहती है पर कर्मचारियों की कमी है। एटीवीएम पर रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारी को तैनात किया गया था पर वह काम छोड़कर चले गए हैं। इससे जानकारी के अभाव में यात्री एटीवीएम का लाभ नहीं ले पाते हैं।
यह एप एंड्राएड मोबाइल पर डाउनलोड किया जा सकता है। उपयोगकर्ता को अपने नाम, ईमेल, मोबाइल नंबर, उम्र का विवरण भरकर आईडी बनानी होगी। इसके बाद टिकट बुक कर सकते हैं। टिकट के लिए अतिरिक्त शुल्क नहीं देना पड़ेगा। इसमें डेबिट, क्रेडिट कार्ड के साथ पेटीएम के जरिये भी भुगतान किया जा सकता है।
इस एप स्टेेशन पर ट्रेन के पहुंचने से पहले ही काम करेगा कि बिना टिकट पकड़े जाने पर यात्री ट्रेन में ही तुरंत टिकट न बना सकें। एप से बने टिकट का मैसेज मोबाइल नंबर पर पहुंचेगा। वही मैसेज टिकट का काम करेगा। एमएसटी नवीनीकरण की सुविधा भी एप पर दी गयी है।
सोशल एक्टिविस्ट आकिब खां का कहना है कि इस सुविधा से यात्रियों के समय की बचत होगी। लाइन लगाकर टिकट खरीदने की जरूरत नहीं है। यात्री रतन शुक्ला का कहना है रोज लाइन लगाकर टिकट खरीदने का झंझट खत्म हो गया है। रोजाना सफर करने वाले यात्रियों का काफी समय बच रहा हैै।
- रेलवे स्टेशन पर लाइन में लगने का झंझट खत्म, स्टेशन पर लग चुकी है एटीवीएम
अमर उजाला ब्यूरो