फर्रुखाबाद। विद्युत निगम के कार्मिक विभाग के डायरेक्टर राकेश कुमार ने मंगलवार को सौभाग्य योजना के मुख्य अभियंता व अन्य अधिकारियों के साथ योजना के कार्यों की समीक्षा की। लक्ष्य के सापेक्ष 60 फीसदी कनेक्शन न दिए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को समय से काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
विद्युत निगम के कार्मिक विभाग के डायरेक्टर राकेश कुमार मंगलवार को सौभाग्य योजना के मुख्य अभियंता रामजीलाल यादव के साथ आए। उन्होंने पांचालघाट स्थित एक गेस्ट हाउस में ग्रामीण क्षेत्र के एसडीओ, अवर अभियंता और सौभाग्य योजना के तहत काम कर रही कार्यदायी संस्थाओं के लोगों के साथ समीक्षा की। कार्मिक निदेशक ने संस्थाओं को हिदायत देते हुए कहा कि लक्ष्य के सापेक्ष कनेक्शन बहुत कम हैं। गांव में कैंप लगाकर अधिक से अधिक कनेक्शन दिए जाएं। कोई भी घर बिना कनेक्शन के नहीं रहना चाहिए।
मुख्य अभियंता रामजीलाल यादव ने कहा कि जिन गांवों में विद्युतीकरण नहीं हुआ है, वहां विद्युतीकरण का काम पूरा कराकर कनेक्शन दिए जाएं। सभी कार्यदायी संस्थाओं को दिसंबर प्रथम सप्ताह में दिए गए कामों को पूरा कर रिपोर्ट देनी है। इस दौरान अधीक्षण अभियंता एसके मिश्रा, एसडीओ, जेई व कार्यदायी संस्था के ठेकेदार मौजूद रहे।