फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चहेतों की भर्ती में आयुष्मान लटका

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

फर्रुखाबाद। चहेतों को भर्ती करने के चक्कर में आयुष्मान योजना अटक गई है। प्रधानमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट होने से इसे आननफानन स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में लांच तो कर दिया गया, लेकिन अभी तक इसे क्रियाशील बनाने के लिए कुछ नहीं किया गया है। यही कारण है कि अस्पतालों में कोई मरीज आयुष्मान योजना के तहत भर्ती नहीं किया गया है। आरोग्य मित्रों को नियुक्तिपत्र तक नहीं दिए गए हैं।

लोहिया अस्पताल में आमतौर पर ओपीडी एक हजार से 1500 के बीच रहती है। सीएमएस डॉ. अशोक कुमार के अनुसार, अस्पताल में इस समय 20 से 25 मरीज भर्ती किए जाते हैं। इसके बावजूद रविवार से जिले में शुरू हुई आयुष्मान योजना के तहत एक भी मरीज भर्ती नहीं किया गया है। इसके पीछे सबसे बड़ा कारण जिले के अधिकारियों का आरोग्य मित्र की भर्ती में किया गया खेल है। दरअसल योजना की शुरुआत में सितंबर में ही अस्पतालों के लिए आरोग्य मित्रों का चयन किया जाना था।
विज्ञापन


इसमें लोहिया अस्पताल में पहले से कंप्यूटर ऑपरेटर के तौर पर कार्यरत अरुण और लिंजीगंज अस्पताल में तैनात कुलदीप दीक्षित के अलावा एक अन्य ऑपरेटर का चयन किया गया था। इसके बाद 11 सितंबर को अरुण को ट्रेनिंग लेने लखनऊ भेजा गया। बताया गया कि अरुण ही जिले में तैनात अन्य आरोग्य मित्रों को ट्रेनिंग देंगे। बाद में 17 सितंबर को आरोग्य मित्रों की भर्ती के लिए सीडीओ व सीएमओ ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया था। 22 सितंबर तक आरोग्य मित्रों को नियुक्त नहीं किया गया। 23 सितंबर को योजना की लांचिंग के दिन आनन फानन विभागीय अधिकारियों ने लोहिया पुरुष अस्पताल में अरुण, लोहिया महिला अस्पताल में रुचिर और लिंजीगंज अस्पताल में पंकज को तैनाती दे दी, लेकिन अब तक न ही उनकी ट्रेनिंग शुरू कराई गई है न ही उन्हें नियुक्ति पत्र दिया गया है।

क्या कहते हैं जिम्मेदार
मुख्य विकास अधिकारी अपूर्वा दुबे ने बताया कि नियुक्ति के लिए साक्षात्कार लेकर चयन करने की जिम्मेदारी मेरी थी। मैंने चयन पूरा कर दिया था। अन्य मामलों की जानकारी नहीं है। इसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य चिकित्साधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि आरोग्य मित्रों को आउटसोर्सिंग कंपनी सालवेशन के माध्यम से नियुक्त किया गया है। वही उन्हें नियुक्ति पत्र देंगे। एक दो दिन में आरोग्य मित्रों की ट्रेनिंग शुरू कराई जाएगी।

सालवेशन कंपनी के एचआर रोहित कुमार ने बताया कि वह कंपनी की ओर से तीन लोगों रुचिर कटियार, पंकज कुमार और राहुल कुमार के नियुक्ति पत्र 22 तारीख को ही जारी कर चुके हैं। उनकी ट्रेनिंग आदि का काम विभाग कराएगा।

आयुष्मान योजना के डिस्ट्रिक्ट कोआर्डिनेटर अभय प्रताप ने बताया कि अभी आरोग्य मित्र अस्पतालों में सही से नहीं बैठ पा रहे हैं। क्योंकि उनकी ट्रेनिंग का काम चल रहा है। इससे वह दोपहर के बाद अस्पताल में नहीं बैठते हैं।
विज्ञापन


क्या कहते हैं आरोग्य मित्र
आरोग्य मित्र पंकज और रुचिर ने बताया कि उन लोगों को अभी तक नियुक्ति पत्र नहीं मिले हैं। बताया गया है कि उन्हें ट्रेनिंग के बाद नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें