अमर उजाला ब्यूरो
कायमगंज (फर्रुखाबाद)। मोहर्रम पर रविवार देर रात अकीदतमंदों ने नगर से अलम का जुलूस निकाला। अलम के साथ अली के पंजे पर राष्ट्रीय चक्र व तिरंगा था। जुलूस में अकीदतमंदों ने हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए।
रविवार देर रात नगर की जामा मस्जिद से हुसैन इस्लामिया कमेटी की ओर से तीजे का अलम उठाया गया। अलम के साथ अली के पंजे पर राष्ट्रीय ध्वज का चक्र बना हुआ था। जुलूस में इटावा से आए ढोल वाले मातमी धुन बजा रहे थे। वहीं, कासगंज से आए अखाडे़बाज करतब दिखा रहे थे। अकीदतमंद या हुसैन की सदाएं बुलंद करते हुए हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे।
यह अलम जुलूस मुख्य बाजार बजरिया, श्यामागेट, लोहाईबाजार, बड़ा चौराहा, गल्लामंडी चौराहा होता हुआ जटवारा स्थित इमाम चौक पर पहुंचा। जुलूस में कमेटी के हबीब खां, मुन्ने खां, अकमल मंसूरी, बाबू, उजैर खां, जफर, अमान खां, लालू, सालिम आदि शामिल रहे। जुलूस में सुरक्षा व्यवस्था के लिए कसवा चौकी प्रभारी बलराज भाटी, मंडी चौकी प्रभारी हरिओम प्रकाश त्रिपाठी फोर्स के साथ डटे रहे।