अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। साथी के साथ मारपीट के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से नाराज नगर पालिका के चालकों ने सोमवार सुबह कूड़ा उठाने के लिए ट्रैक्टर नहीं निकाले। इससे शहर से कूड़ा नहीं उठ सका। चालकों ने सफाई कर्मचारियों के साथ गिरफ्तारी के लिए कोतवाली का घेराव किया। इस दौरान जब आरोपी के पकड़े जाने की जानकारी हुई तो कर्मचारी शांत होकर चले गए।
शहर कोतवाली के मोहल्ला दिल्ली ख्याली कूंचा में पांच दिन पहले सफाई कर्मचारी ट्रैक्टर पर कूड़ा उठा रहे थे। किशन अग्निहोत्री की बाइक उनके घर के बाहर खड़ी होने पर सफाई कर्मचारियों ने ट्रैक्टर न निकल पाने पर उसे हटाने के लिए आवाज लगाई। किशन के न आने पर कर्मचारी उसे हटा रहा था, तभी बाइक गिर पड़ी। किशन ने परिवार के अन्य लोगों के साथ ट्रैक्टर चालक राजेंद्र के साथ मारपीट कर दी। इस मामले में पुलिस ने किशन समेत अन्य पर रिपोर्ट दर्ज की थी। गिरफ्तारी न होने पर ट्रैक्टर चालकों ने शनिवार को धरना-प्रदर्शन कर सोमवार को हड़ताल की चेतावनी दी थी। इसी के चलते सोमवार सुबह चालकों ने नगर पालिक से ट्रैक्टर नहीं निकाले। इसके चलते शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे रह गए।
चालक कर्मचारी नेता नीरज बाल्मीकि, देवलाल, गोलू आदि कर्मचारियों के साथ शहर कोतवाली का घेराव किया। कुछ देर बाद कोतवाल राजेश पाठक मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस गणेश प्रतिमा विसर्जन यात्रा में लगी होने से गिरफ्तारी नहीं हो पा रही थी। सोमवार सुबह आरोपी किशन को गिरफ्तार कर लिया। यह सुनकर कर्मचारियों ने दलित उत्पीड़न की धारा को बढ़ाए जाने की मांग की। कोतवाल ने कर्मचारियों से कहा कि पीड़ित ने उनको इसका बयान नहीं दिया और न ही वह उनके साथ आए हैं। कुछ समय बाद कर्मचारी हड़ताल समाप्त कर चले गए।