अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। नगर पालिका की उदासीनता के चलते फर्रुखाबाद और फतेहगढ़ युग्म नगरों में सैकड़ों हैंडपंप खराब पड़े हैं। जीआई पाइप समेत अन्य उपकरण न होने से हैंडपंपों की मरम्मत नहीं हो पा रही है। जलकल विभाग के स्टोर रूम में करीब चार-पांच माह से जीआई पाइप समेत चेन व अन्य उपकरण खरीदे जाने के लिए टेंडर ही नहीं डाला गया है। इसके चलते गर्मी भर हैंडपंप खराब ही पड़े रहे। हैरत की बात तो यह है कि पालिका के पास हैंडपंपों का लेखाजोखा तक नहीं है।
नगर पालिका क्षेत्र के 42 वार्डों में करीब पांच सौ से ज्यादा हैंडपंप लगे हैं। इनमें से अधिकतर मोहल्लों में हैंडपंप खराब पड़े हैं। हैंडपंप ठीक कराने के लिए जलकल विभाग के स्टोर रूम में जीआई पाइप, चेन, सॉकेट और एक्सल आदि उपकरण ही नहीं हैं।
पालिका सूत्रों की मानें तो उपकरणों की खरीद करीब पांच-छह महीने से नहीं की गई है। यानी पूरी गर्मी बीतने को आ गई और उपकरण खरीद के टेंडर ही नहीं डाले गए। नतीजतन जहां-जहां हैंडपंप खराब पड़े हैं, वहां-वहां ठीक ही नहीं कराए गए हैं। कुछ हैंडपंप तो ऐसे खराब पड़े हैं, जो एक साल पहले लगाए गए और कुछ दिन बाद खराब हो गए।
वार्ड संख्या 11 महादेवी वर्मा नगर के सभासद अनुभव कनौजिया ने बताया कि उनके मोहल्ले में करीब आठ-नौ हैंडपंप सात-आठ माह से खराब पड़े हैं। दो-तीन दिन पहले मिस्त्री ठीक करने आए तो उपकरण न होने की बात कहकर लौट गए। सभासद श्याम सुंदर लल्ला कहते हैं कि उनके वार्ड में भी करीब छह-सात हैंडपंप खराब पड़े हैं।
इन मोहल्लों में हैंडपंप खराब
शमसेर खानी, असगर रोड, गढ़ी कोहना, सखावत हुसैन, बजरिया मोड़, गढ़ी नवाब न्यामत खां पूरब, पलरिया, दिलावरजंग, चिलपुरा मोड़, महावीरगंज द्वितीय, तलैया फजल इमाम, सूफी खां, बिर्राबाग और तकिया नसरत शाह आदि मोहल्लों में हैंडपंप खराब पड़े हैं।
नहीं पड़े उपकरण खरीद के टेंडर
जलकल विभाग के लिपिक विजय वर्मा सप्पू ने नगर पालिका क्षेत्र में लगे हैंडपंपों की सूची न होने की बात कही। उन्होंने हाल ही में चार्ज लिया है। बताया कि जीआई पाइप व अन्य उपकरण करीब चार-पांच माह से नहीं थे। करीब एक सप्ताह पहले ही 1100 जीआई पाइप खरीद का टेंडर शारदा ट्रेडिंग कंपनी को दिया गया है। अन्य उपकरणों का कोई टेंडर नहीं पड़ा है। आवश्यकता को देखते हुए फुटकर में 70-80 हजार रुपये में हैंडपंप में पड़ने वाली चेन, सॉकेट और एक्सल आदि की खरीद की गई है। जल्द ही उपकरण खरीद के टेंडर डाले जाएंगे।
स्टोर रूम का जायजा लेकर कराएंगे जांच
पांच दिन पहले ही उन्होंने चार्ज लिया है। जलकल विभाग के स्टोर रूम का जायजा लिया जाएगा। स्टोर में क्या-क्या उपकरण हैं और कब से खरीद नहीं हुई और लेखा-जोखा कार्यालय में क्यों नहीं रखा जाता आदि की जांच करवाएंगे। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। - ईशान प्रताप सिंह (एसडीएम सदर व प्रभारी ईओ, नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद)
गलत जानकारी दी जा रही
पालिकाध्यक्ष वत्सला अग्रवाल ने बताया कि करीब एक पखवारे से पालिका के स्टोर रूम में उपकरण नहीं हैं। जो जानकारी दी जा रही है, वह गलत है। उपकरण नहीं हैं तो हैंडपंप ठीक कैसे हो रहे हैं। जब उनसे पूछा कि आपके कर्मचारी ही बता रहे हैं और लेखाजोखा तक जलकल कार्यालय में नहीं है। इस पर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया और फोन काट दिया।