अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। केंद्र की सीआरएम टीम ने लोहिया अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान खामियां मिलने पर दुरुस्त करने के दिशा निर्देश दिए गए। टीम के आने पर अस्पताल की चाकचौबंद व्यवस्था रही। वार्ड ब्वाय मरीज को खुद लेकर वार्ड में जाते दिखाई दे रहे थे।
सीआरएम की टीम शनिवार सुबह लोहिया अस्पताल पहुंची। सीएमएस के कक्ष में कुछ देर रुकने के बाद अलग-अलग टीमें बना कर पूरे अस्पताल का निरीक्षण करने के लिए निकल गई। एक टीम में डॉ. अजीत सिंह, डॉ. प्रिया इमरजेंसी कक्ष में पहुंची। यहां पर मौजूद डॉ. गौरव मिश्रा से इलाज के बारे में जानकारी ली। मरीजाें की संख्या के बारे में भी पूछताछ की गई। इमरजेंसी वार्ड की साफ सफाई के साथ ही उसकी व्यवस्था को देकर तारीफ की।
टीम ने वहां पर मौजूद स्टाफ को निर्देश दिए कि 108 एंबुलेंस के लोग मरीज को अपने ही स्ट्रेचर से लेकर आए। यहां का स्ट्रेचर न दिया जाए। इसके बाद टीम ब्लडबैंक और सीटी स्कैन में पहुंची। यहां पर मरीजों की दी जाने वाली सुविधाओं के साथ ही एक साल में ब्लड की सप्लाई के बारे में जानकारी ली गई। दूसरी टीम में डॉ. प्रगति सिंह महिला अस्पताल पहुंची। उनके साथ में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. दलवीर सिंह भी थे। डॉ. प्रगति सिंह ने लेवर रूम में जाकर वहां पर मरीजों को दी जाने वाली दवा के साथ ही औजारों को चेक किया। टीम ने यहां पर नसबंदी के बारे में भी जानकारी की। इसके बाद इस टीम ने महिला अस्पताल की ओटी को चेक किया। एक टीम में डॉ. संजीव कामले ने टीबी वार्ड, जिरियाटिक वार्ड को देखा। एक टीम में डॉ. संजीव और डॉ. शरद ने एनआरसी और एसएनसीयू में पहुंच कर निरीक्षण किया। बाद में डॉ. संजीव कामले ने बताया कि यह सबकुछ ठीक मिला। इसकी रिपोर्ट केंद्र सरकार को दी जाएगी।