अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। जिले के प्रभारी मंत्री चेतन चौहान ने गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक में बाढ़ प्रभावित इलाके के सभी लोगों को राशन वितरित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित गांवों में पात्र , अपात्र न देख कर सभी को राशन बांटे । कोई भी व्यक्ति भूखा नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने राहत केंद्रों पर एंटी स्नेक इंजेक्शन पर्याप्त मात्रा में रखने के निर्देश दिए। डीएम ने बाढ़ से बचाव के लिए तैयारी व राहत कार्यों को ब्योरा दिया। भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह ने बताया कि लोहिया महिला अस्पताल में कर्मचारी गर्भवती महिलाओं को प्रसव के दौरान भ्रमित कर प्राइवेट अस्पतालों में रेफर कर देते हैं। मंत्री के पूछने पर सीएमओ ने बताया कि लोहिया महिला अस्पताल के सीएमएस अनुपस्थित हैं। इस पर उनका एक दिन का वेतन काटने के आदेश दिए। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि ऐसी आशा एएनएम पर कार्रवाई करें। सिटी स्कैन मशीन सक्रिय रखें एवं नि:शुल्क परीक्षण करें। जिला पंचायत राज अधिकारी ग्राम पंचायतों में कराए गए कार्यों की सूची संबंधित जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराएं। प्रभारी मंत्री ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को सभी पेंशन के आवेदनों का निस्तारण 30 दिन के अन्दर कराने के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को फर्रुखाबाद से एक्सप्रेसवे तक चौड़ीकरण एवं कमालगंज बाईपास का प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा। भोजपुर विधायक ने ग्रामीण क्षेत्रों की पेयजल की समस्या भी उठाई। जिलाधिकारी ने जनपद में अधिशाषी अधिकारी कम होने की शिकायत भी मंत्री से की। अपर पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर, एवं लोहिया महिला अस्पताल के सीएमएस के अनुपस्थित रहने पर एक दिन का वेतन काटने के आदेश दिए। संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।