अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। जनपद के नोडल अधिकारी सोमवार दोपहर सीएचसी बरौन का निरीक्षण करने पहुंचे। वहां वार्डों व ओटी में ताला लगा था। तला खुलवाने पर ओटी में उपकरणों पर धूल जमी मिली। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई।
गांव बरौन स्थित सीएचसी के निरीक्षण के चलते वहां सुबह साफ-सफाई कराई गई। सीएचसी प्रभारी डा. अनुज त्रिपाठी व अन्य डाक्टर मुस्तैद थे। दोपहर को नोडल अधिकारी जीएस प्रियदर्शी ने रजिस्टर आदि चेक किए। प्रसूताओं को भोजन दिए जाने के बारे में पूछा तो सीएचसी प्रभारी ने वहां किचन न होने की जानकारी दी। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई। कहा कि प्रसूताओं को पौष्टिक भोजन जरूर मिलना चाहिए। प्रसव के लिए महिलाओं के तीमारदारों के ठहरने की व्यवस्था के बारे में पूछने पर बताया गया कि रैन बसेरा नहीं है। उन्होंने वार्ड बंद देख पूछा तो बताया गया कि यहां मरीज बहुत कम आते हैं। कोई भर्ती भी नहीं होता है। कर्मचारियोें की कमी है।
इस पर उन्होंने वार्ड खोलने और मरीजों के भर्ती करने के इंतजाम करने के निर्देश सीएमओ को दिए। आपरेशन थिएटर बंद मिलने पर भी उन्होंने उसे खुलवाया। इस पर वहां गंदगी का अंबार लगा था। वहां रखे उपकरण व लाइट आदि पर धूल जमी थी। यह देख नोडल अधिकारी का पारा चढ़ गया और सीएचसी प्रभारी को फटकार लगाई। कहा कि इनकी सफाई तो समय समय पर हो सकती है। उन्होंने सीएमओ को सीएचसी में स्टाफ बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही बेड पर बिछाई जाने वाली चादरों के रखरखाव व साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। विधायक निधि से लगे आरओ प्लांट पर बोर्ड नहीं लगे होने पर बोर्ड लगवाने के निर्देश दिए।