अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। जर्जर तारों और उपकेंद्रों की खस्ताहाल मशीनों से नवाबगंज व हजियापुर विद्युत उपकेंद्र से ग्रामीणों को सही से बिजली नहीं मिल पा रही है। हजियापुर विद्युत उपकेंद्र से दूसरे दिन 250 गांवों को बिजली मिल सकी। नवाबगंज ब्लाक क्षेत्र के गांवों को 18 घंटे की बजाय चार घंटे ही बिजली नसीब हो रही है।
नवाबगंज व हजियापुर विद्युत उपकेंद्र की हाईटेंशन लाइनें जर्जर हो गई हैं। कई जगह तार झूल रहे हैं। हल्की हवा चलने या बारिश होने पर तार आपस में टकरा जाते हैं। आए दिन फाल्ट आने से मशीनें खस्ताहाल हो गई हैं। मशीनों की खराब स्थिति व तार जर्जर होने से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था बदहाल हो गई है। हजियापुर विद्युत उपकेंद्र की 11 हजार लाइन में आए दिन फाल्ट होने से उपकेंद्र बंद हो जाता है।
नवाबगंज में कभी बंच कंडक्टर जलने, कभी फाल्ट से उपकेंद्र बंद हो जाता है। इससे बिजली ठप हो जाती है। हजियापुर उपकेंद्र की 15 अगस्त की शाम को फाल्ट से मशीनें खराब हो गई थीं। 16 अगस्त की रात करीब 11 बजे के बाद 250 गांवों की बिजली बहाल हो सकी। नवाबगंज में दो दिन में 4 घंटे बिजली मिली है। इससे ग्रामीण परेशान हैं। एसडीओ नवाबगंज रामकुमार ने बताया कि जर्जर तारों और मशीनों के खराब होने से समस्या पैदा हो रही है। समस्या से जल्द निजात दिलाई जाएगी।
नवाबगंज व शमसाबाद की बिजली व्यवस्था बदहाल
दूसरे दिन 250 गांवों को मिली बिजली
नवाबगंज ब्लाक के गांवों को चार घंटे मिली बिजली