अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। शुक्रवार से विभिन्न मांगों को लेकर शुरू हुई देशव्यापी ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल का असर शहर के व्यवसाय पर भी पड़ने लगा है। दो दिन से शहर में एक भी ट्रक की लोडिंग नहीं हुई है।
शहर में ठंडी सड़क, कादरीगेट और सातनपुर मंडी रोड पर लगभग 25-30 ट्रांसपोर्ट हैं। यहां से बिहार, झारखंड, बनारस, आजमगढ़ और मऊ समेत कई राज्यों और जिलों में आलू ट्रकों से भेजा जाता है। इसके साथ ही अन्य खाद्य पदार्थों के साथ ही बाहरी राज्यों से भी सीमेंट, सरिया आदि सामान ट्रकों से जिले में आता है। शहर के ट्रांसपोर्टों पर करीब एक सैकड़ा ट्रक लगे हैं। यहां से प्रतिदिन करीब 50 ट्रक दूसरे राज्यों व जिलों को माल ले जाते हैं।
दो दिन से ट्रांसपोर्टरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के चलते ट्रकों पर लोडिंग का कार्य बंद है। ट्रांसपोर्टर मंजुल मिश्र का कहना है कि फर्रुखाबाद में हड़ताल नहीं है, लेकिन महानगरों में अनिश्चितकालीन हड़ताल चल रही है। इससे यहां पर भी लोडिंग का काम बंद है। ट्रांसपोर्टर दिलीप कटियार का कहना है कि हड़ताल के चलते नुकसान उठाना पड़ रहा है।