अमर उजाला ब्यूरो
नवाबगंज (फर्रुखाबाद)। अटसैनी फीडर की 11 हजार लाइन का तार जोड़ने गए लाइनमैन बिजली आती देखकर पोल से उतर आए। वह गांव वालों के साथ उपकेंद्र पर पहुंचे और हंगामा करने लगे। सभी फीडरों की लाइट बंद करने की मांग पर पूर्व सैनिक एसएसओ ने मशीन से ट्राली निकाल दी। इससे जोरदार धमाका हुआ और मशीन खराब हो गई। इससे 300 गांवों और कसबा की आपूर्ति ठप हो गई।
11 हजार लाइन का तार टूटे होने के कारण करीब 20 गांवों की 12 जुलाई से बिजली बंद चल रही है। सोमवार को ग्रामीणों ने उपकेंद्र पर पहुंच कर हंगामा किया। जेई ने लाइनमैन को तार जोड़ने के लिए भेजा। लाइनमैन पोल पर चढ़े तो शट डाउन के बाद भी करंट आने की जानकारी पर वह उतर आए। वह ग्रामीणों के साथ उपकेंद्र पर पहुंचे और वहां एसएसओ के पद पर तैनात पूर्व सैनिक को हड़काने लगे।
पूर्व सैनिक ने सभी फीडरों की आपूर्ति बंद करने के लिए मशीन से ट्राली निकाल दी। ट्राली निकलते ही जोरदार धमाका हुआ और मशीन खराब हो गई। इससे 300 गांवों और कसबा की बिजली सप्लाई बंद हो गई। इसकी जानकारी जेई सुधीर और एसडीओ राजकुमार को दी गई। बिजली बंद होने पर रात करीब आठ बजे ग्रामीणों ने उपकेंद्र पर दोबारा हंगामा किया। जेई के समझाने पर वह शांत हुए। मशीन को ठीक करने का काम शुरू कराया गया।