अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट खुले में शौच मुक्त भारत की गति कायमगंज ब्लॉक में कछुआ गति से चल रही है। यहां पर 87 राजस्व गांवों में से 27 ही ओडीएफ हो पाए हैं। अभी 50 गांव बाकी हैं। ऐसे में दो अक्तूबर तक जिले का ओडीएफ हो पाना दूर की कौड़ी नजर आ रहा है।
कायमगंज ब्लॉक के 87 राजस्व गांवों में 41816 घरों में से 28083 शौचालय ही बन पाए हैं। आलम यह है कि 80 घरों वाला बरथरी गांव भी अभी तक ओडीएफ नहीं हो पाया है। यहां पर अभी तक 52 शौचालय ही बने हैं। इसके अलावा ब्लॉक के सबसे बड़े गांवों की बात की जाए तो बहबलपुर गांव पूरी तरह से ओडीएफ हो चुका है। अन्य बड़े गांवों में चिलौली में 1081 घर मुर्शिदाबाद में 1128 घर रायपुर खास में 1158 घर हैं। ये गांव अभी भी ओडीएफ से दूर हैं। अभी तक इस ब्लॉक में 73 प्रतिशत काम ही हुआ। डीपीआरओ अमित त्यागी से बात करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने फोन ही नहीं रिसीव किया।
मोहुद्दीनपुर में नहीं हुआ काम
कायमगंज ब्लॉक के गांव मोहुद्दीनपुर में अब तक जीरो प्रतिशत काम हुआ है। वहीं, कायमगंज नगर के पास ही बसे अताईपुर जदीद के हालात भी अच्छे नहीं हैं। यह गांव भी अब तक आठ प्रतिशत ही ओडीएफ हुआ है। ये आंकड़े बताते हैं कि ब्लॉक के हालात ओडीएफ की दिशा में अच्छे नहीं चल रहे।