शमसाबाद (ब्यूरो)। ग्राम सभा गुटैटी दक्षित में बुखार जान लेवा होता जा रहा है। बुखार से दो बच्चों की शुक्रवार रात मौत हो गई। इस गांव में बच्चों समेत कई लोग बुखार से पीड़ित है। गांव के मजरा चौंरा मेें संक्रामक रोग फैलने की सूचना पर स्वास्थ्य टीम ने शनिवार को पहुंच कर बुखार पीड़ितों को दवा दी।
गुटैटी दक्षिण निवासी बलवीर के पुत्र अनुज (5) और राजेश कुमार के पुत्र अजय (6) को करीब 15 दिनों से बुखार आ रहा था। परिजन उनका प्राइवेट नर्सिंगहोम में इलाज करा रहे थे। शुक्रवार रात अनुज और अजय ने बुखार के चलते दम तोड़ दिया। इस गांव में बच्चों समेत अन्य काफी लोग संक्रामक रोग की चपेट में है।
वहीं इसी गांव के मजरा चौंरा में बुखार फैलने की सूचना पर शनिवार को चिकित्सीय टीम पहुंची। टीम ने घर-घर जाकर बच्चों का चिकित्सीय परीक्षण कर दवा दी। इसके बाद टीम मृत बच्चों के घर भी गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. धन सिंह ने बताया कि टीम भेजकर गांव मेें बीमार बच्चों व अन्य लोगों को दवा दिलाई जा रही है।
गुटैटी दक्षिण व इसके मजरा चौंरा में कोमल (7) पुत्री सकटेराम, काजल पुत्री दलवीर, शिवांशु पुत्र विपिन कुमार, आयरन पुत्र सुखपाल, सुबोध पुत्र बिजनेश, इंद्रपाल, विकास पुत्र बलवीर, प्रीती पुत्री वीरेंद्र, शिवानी पुत्री वीरपाल, मंजेश पुत्र रामवीर, कार्तिक पुत्र रवेंद्र, दिवाकर पुत्र हरिनंदन, रागिनी पुत्री खिलाड़ी, रामलली पुत्री बलराम, वंदना पुत्री सत्यपाल, रोहिनी पुत्री बलराम, रीता पुत्री हरिओम, प्रांशु पुत्र रघुवीर, दीपक पुत्र संजीव, निर्मल पुत्र रामपाल, अंशिका पुत्री बिजनेश और निशा पुत्री संतोष बुखार से पीड़ित हैं।
बुखार से युवक की मौत
कायमगंज। जनपद बदायुं के थाना उसैत के गंाव लक्ष्मण नगला निवासी राजू (40) पुत्र रामभरोसे को पिछले कई दिनों से बुखार आ रहा था। जिसका इलाज गंाव के एक डाक्टर से चल रहा था। रविवार सुबह उसकी तबियत अचानक बिगड़ गयी। परिजनों ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
-चिकित्सीय टीम ने गुटैटी दक्षिण व मजरा चौंरा में जाकर की जांच
अमर उजाला ब्यूरो