जहानगंज (फर्रुखाबाद)। थाना क्षेत्र के जरारी गांव में कोचिंग सेंटर की दीवार ढहने से 12 बच्चे घायल हो गए। इनमें छह बच्चों को ज्यादा चोटें आई हैं। बच्चों को परिजन फर्रुखाबाद शहर के निजी अस्पतालों में ले गए हैं।
जरारी गांव निवासी इमरान गांव में कोचिंग चलाते हैं। इसमें आठवीं नौवीं के बच्चे पढ़ने आते हैं। कोचिंग जर्जर कच्ची दीवार पर रखे छप्पर के नीचे चल रही थी। इसकी उन्होंने शिक्षा विभाग ने अनुमति भी नहीं ले रखी है। कोचिंग में गांव और आसपास के बच्चे पढ़ने आते हैं।
बुधवार सुबह बच्चे छप्पर के नीचे बैठकर पढ़ रहे थे। इस दौरान दीवार भरभरा कर गिर गई। दीवार के मलबे और छप्पर के नीचे बच्चों के दबने से चीखपुकार मच गई। शोर सुनकर गांव के लोग दौड़े। लोगों ने मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला।
हादसे में निहाल, नौशाद, सूरज, आदिल, कलीम, आकिब, सोएब और अमन सहित 12 बच्चे घायल हो गए। सूचना मिलने पर बच्चों के परिजन मौके पर पहुंचे। इसमें करीब छह बच्चों को ज्यादा चोटें आई हैं। मामूली रूप से जख्मी बच्चों का परिजनों ने गांव में ही झोलाछाप से इलाज कराया जबकि ज्यादा चोटिल बच्चों को परिजन फर्रुखाबाद के निजी अस्पतालों में ले कर चले गए थे।
-करीब छह को आईं ज्यादा चोटें, निजी अस्पताल ले गए परिजन
अमर उजाला ब्यूरो