फर्रुखाबाद। लोहिया अस्पताल में मंगलवार दोपहर 12 बजे पर्चा काउंटर बंद होने पर मरीजों व तीमारदारों ने हंगामा कर दिया। इनकी होमगार्ड से नोकझोंक भी हो गई। दरअसल अवकाश के कारण काउंटर समय के पहले बंद कर दिया गया था। मरीजों का कहना था कि अवकाश की सूचना पहले नहीं दी गई, दूर दूर से आए हैं और एकदम से काउंटर बंद कर दिया। अब निजी अस्पताल में दवा लेनी पड़ेगी।
मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ने से पिछले करीब पंद्रह दिन से लोहिया अस्पताल में मरीजों की भीड़ लग रही है। सोमवार को भी 1100-1200 मरीज अस्पताल पहुंचे थे। सुबह से ही पर्चा काउंटर पर लंबी लाइन लगी थी। दोपहर 12 बजे तक 935 ने पर्च बनवाए।
इसके बाद कर्मचारी ने अवकाश की बात कहकर काउंटर बंद कर दिया। इस पर मरीजों और तीमारदारों ने हंगामा कर दिया। ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड ने रोका तो मरीज उससे भी भिड़ गए। कुछ लोगों ने जैसे तैसे विवाद शांत कराया। मरीजों का कहना था कि एकाएक अवकाश घोषित कर दिया गया।
दूर दूर से चलकर आए हैं, अवकाश की सूचना पहले देनी चाहिए थी। फिजीशियन डॉक्टर अशोक कुमार ने बताया कि 200 से 250 मरीज आए थे। इनमें लगभग सभी बुखार और डायरिया के मरीज थे। पिछले पंद्रह दिन से खुजली के मरीज भी बढ़ गए हैं। गर्मी होने से लोग बुखार, डायरिया और खुजली की चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि खानपान में लापरवाही से लोग डायरिया का शिकार हो जाते हैं।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर राजेश तिवारी ने बताया कि उनके पास करीब 150 मरीज आए थे। इसमें खांसी, बुखार डायफाइट के मरीजों की संख्या ज्यादा थी। पिछले वर्षों में सितंबर में मौसम सामान्य हो जाता था लेकिन इस साल आधा सितंबर बीतने के बाद भी गर्मी पड़ रही है। इस कारण संक्रामक बीमारियां फैल रही हैं।
-12 बजे पर्चा काउंटर बंद करने पर भड़के, होमगार्ड से नोकझोंक
-930 ने बनवाए पर्च, आधे से ज्यादा बुखार-डायरिया से पीड़ित
अमर उजाला ब्यूरो