अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। रेलवे यात्रियों को रेलवे विभाग ने फिर झटका दिया है। कालिंदी व आनंद विहार एक्सप्रेस के बाद मंगलवार को कानपुर-इलाहाबाद और कासगंज-लखनऊ पैसेंजर ट्रेन 30 दिन के लिए निरस्त कर दी गईं। इससे यात्रियों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।
54156 कानपुर-इलाहाबाद पैसेंजर ट्रेन कानपुर सेंट्रल से सुबह 5.30 बजे फर्रुखाबाद के लिए रवाना होती है। इसके बाद सुबह साढ़े नौ बजे यही ट्रेन 54157 बनकर फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन से इलाहाबाद के लिए रवाना होती है। इसी तरह प्रतिदिन कासगंज से लखनऊ जाने वाली कासगंज-लखनऊ पैसेंजर फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन से शाम 5.40 बजे लखनऊ के लिए रवाना होती है, जो कानपुर सेंट्रल से होकर गुजरती है।
मंगलवार को ये दोनों ट्रेनें निरस्त कर दी गईं। स्टेशन मास्टर मनोज मिश्र ने बताया कि कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर हाई लेवल प्लेटफार्मों के निर्माण के चलते कानपुर-इलाहाबाद और कासगंज-लखनऊ पैसेंजर ट्रेनें 30 दिन के लिए ब्लाक की गई हैं। कासगंज-लखनऊ पैसेंजर ट्रेन कासगंज से फर्रुखाबाद और फर्रुखाबाद से कासगंज तक ही चलेगी। गौरतलब है कि करीब एक पखवारे से आनंद विहार और कालिंदी एक्सप्रेस भी निरस्त चल रही हैं।
-स्टेशन मास्टर बोले, कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर प्लेटफार्म बन रहा