कमालगंज (ब्यूरो)। सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। साइकिल सवार को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी तो बुग्गी में भूसा लेकर जा रहा होमगार्ड अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया।
मंगलवार सुबह कमालगंज थाना क्षेत्र के कमालगंज गढ़िया निवासी रामलड़ैते (37) पुत्र मुंशीलाल मंगलवार को गिहार बस्ती गया था। सुबह करीब 11 बजे वह साइकिल से राजीपुर की ओर जा रहा था। फर्रुखाबाद-कानपुर रोड पर आरपी इंटर कॉलेज के पास कानपुर की तरफ आ रही रोडवेज ने साइकिल में टक्कर मार दी।
हादसे में रामलडै़ते की मौके पर ही मौत हो गई। लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची और जेब में मिले आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त की। परिजन भी मौके पर पहुंच गए। भाई धनीराम ने बताया कि रामलड़ैते शराब का आदी था। इससे परेशान होकर पत्नी विमलेश कुछ दिन पहले मायके चली गई थी। परिवार में पत्नी के अलावा पांच वर्ष की बेटी आरुषि और चार महीने का एक बेटा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
राजेपुर प्रतिनिधि के अनुसार, थाना क्षेत्र के गांव दहेलिया निवासी होमगार्ड दीपक कठेरिया (50) मंगलवार को बुग्गी से भूसा बेचने के लिए मसेनी चौराहा स्थित मंडी जा रहा था। इटावा-बरेली हाईवे पर भुड्डन की मढ़ैया के पास से सुबह करीब सात बजे पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने इस पर टक्कर मार दी।
दीपक की मौके पर मौत हो गई। चालक वाहन लेकर भाग गया। घटना की सूचना मिलने पर परिवार के लोग मौके पर आ गए। शव को देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर एसओ सुशील कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वाहनों को वहां से निकलवाकर आवागमन दुरुस्त कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
-रोडवेज बस की टक्कर से युवक की जान गई
-अज्ञात वाहन ने होमगार्ड को टक्कर मारी
अमर उजाला ब्यूरो