फर्रुखाबाद। गंगा और रामगंगा में बाढ़ आने के बाद धीरे-धीरे जलस्तर घटा। इसके बाद पानी की धारा मुड़ने पर तीसराम की मडै़या में कटान तेज हुई। इस कटान की चपेट में आने से गांव में स्वच्छता अभियान के तहत बनवाए गए 18 शौचालय बह गए। अलादपुर भटौली गांव में कटान के दौरान शौचालयों का निर्माण शुरू कराया गया। तीन शौचालयों के पास कटान पहुंच गई है। यह शौचालय भी कभी भी रामगंगा में समा सकते हैं।
तीसराम की मड़ैया में स्वच्छ भारत मिशन के तहत 12-12 हजार रुपये में शौचालयों का निर्माण कराया गया था। दो अगस्त 2017 से गंगा का जलस्तर बढ़ना शुरू हुआ। गंगा की धारा मुड़ने के कारण गांव का कटान होने लगा। लगातार हो रहे कटान के कारण 28 परिवारों ने अपनी झोपड़ी और मकानों को तोड़ दिया।
गांव में बनाए गए 18 शौचालय पानी की जद में आने से कट गए, कुछ ग्रामीणों ने खुद तोड़ दिए थे। उधर रामगंगा में लगातार छोड़े गए पानी के कारण छह अगस्त से जलस्तर बढ़ना शुरू हुआ। प्रतिदिन पानी छूटने के कारण जलस्तर बढ़ कर चेतावनी बिंदु के नजदीक आ पहुंचा।
बांध से छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा कम होने से जलस्तर कम हुआ। इस कारण रामगंगा किनारे बसे गांव अलादपुर भटौली में कटान होने लगा। जब गांव में कटान तेज हुआ तब प्रधान ने गांव में शौचालयों का निर्माण करवाना शुरू किया। गांव में करीब 20 शौचालयों का निर्माण शुरू हुआ।
इसमेें से 10 का काम पूरा हो चुका है और 10 अभी अधूरे हैं। लगातार हो रहे कटान के कारण तीन ग्रामीणों के घरोें के पास बनाए गए शौचालयों तक गंगा कटान करती हुई पहुंच गई है। इस कारण ग्रामीण घर को खाली कर चले गए। कटान के चपेट में आकर कभी भी तीनों शौचालय गिर सकते है।
प्रधान शिवादेवी के देवर सोनपाल ने बताया कि सचिव के कहने पर शौचालयों का निर्माण शुरू कराया था। ग्राम पंचायत सचिव देव शर्मा ने बताया कि कटान होने के करण काम निर्माण काम रोक दिय गया है। कटान से गांव बचेगा तो शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। डीपीआरओ अमित त्यागी ने बताया कि कटान शुरू होने पर शौचालयोें का निर्माण नहीं कराया जाना था। अगर ऐसा हुआ तो जांच कराई जाएगी।
प्राइमरी विद्यालय तक पहुंची कटान
अमृतपुर (ब्यूरो)। तीसराम की मडै़या में बने प्राइमरी विद्यालय तक गंगा कटान करती हुई पहुंच गई है। विद्यालय से 10 मीटर दूरी पर कटान हो रही है। इस कारण स्कूल पर खतरा है। जिस तरह कटान की स्थिति है, उसे देखने से स्कूल कभी भी कटान की जद में आकर टूट सकता है।
गंगा और रामगंगा का जलस्तर घटा, कटान बरकरार
फर्रुखाबाद/अमृतपुर (ब्यूरो)। गंगा और रामगंगा का जलस्तर घटने के बाद भी कटान होना बरकरार है। गंगा से तीसराम की मडै़या और रामगंगा से अलादपुर भटौली का तेजी से कटान हो रहा है। इस कारण इन दोनों गांवों में रहने वाले लोगों के सामने रहने की समस्या बनी है। गंगा का जलस्तर 15 सेंटीमीटर कम होने के कारण 136.00 से घटकर 135.85 मीटर पर आ गया है। इसमें मंगलवार को नरौरा से 21865 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। रामगंगा का जलस्तर 35 सेंटीमीटर कम होने के कारण 135.25 से घटकर 134.90 मीटर पर आ गया है।
जलस्तर कम होने के बाद भी गंगा से तीसराम की मड़ैया और रामगंगा से अलादपुर भटौली में कटान हो रही है। अलादपुर भटौली के ग्रामीणों का कहना है कि अगर उनको रहने के लिए जगह नहीं मिली तो कड़क्का बांध के पास बनी सड़क पर वह ढेरा जमा लेंगे। ग्रामीणों ने घर तोड़कर वहां पर ईंटें डालनी शुरू कर दी है। तीसराम की मड़ैया में कटान होने के कारण गांव जाने वाली सड़क कटने लगी है। इसको बचाने के लिए मिट्टी डालकर बोरियां डाली गई।
-अलादपुर भटौली व तीसराम मड़ैया के ग्रामीण खेतों में पालीथिन डालकर रह रहे
-कटान से गिर सकता है तीसराम मडै़या का प्राइमरी विद्यालय, नजदीक पहुंची कटान
अमर उजाला ब्यूरो