फर्रुखाबाद। विकास भवन सभागार में रविवार को मुख्य विकास अधिकारी ने लोकसभा चुनाव में शत प्रतिशत मतदान कराने के लिए बीएलओ को स्वीप कार्यक्रम की जानकारी दी। बीएलओ को कम मतदान होने के पांच कारण रजिस्टर पर दर्ज करने के साथ मतदाताओं को वोट डालने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अपने बूथों पर चुनावी पाठशाला लगाकर मतदाताओं को जागरूक करने का पाठ पढ़ाया गया।
सीडीओ डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने विधानसभा क्षेत्र के अमृतपुर में 50 फीसदी से कम मतदान वाले बूथों के बीएलओ व सुपरवाइजर को विकास भवन सभागार में स्वीप कार्यक्रम के तहत जानकारी दी। उन्होंने मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए बीएलओ को प्रेरित किया। सीडीओ ने पिछले चुनाव में कम मतदान होने के पांच-पांच कारणों को स्वीप रजिस्टर पर अंकित करते हुए मतदाताओं से घरों में संपर्क कर उन्हें वोटिंग के लिए प्रेरित करने के भी गुर बताए।
एसडीएम अमृतपुर बसंत कुमार ने दिव्यांग व महिला मतदाताओं को बूथ तक लाने के तरीके सुझाए। डीडीओ दुर्गादत्त शुक्ला ने 18 से 19 वर्ष के मतदाताओं को खुद का वोट डालने के साथ मतदान में सहयोग करने के लिए उन्हें प्रेरित करने के निर्देश दिए।
स्वीप समन्वयक सुधीर कुशवाह ने बीएलओ को अपने बूथों पर प्रधान, पूर्व प्रधान, कोटेदार, एएनएम, सेवानिवृत्त कर्मचारी आदि के सहयोग से चुनाव पाठशाला आयोजित करने का तरीका बताया। इसके साथ ही छूटे हुए मतदाताओं का 10 अप्रैल तक नाम बढ़ाने के निर्देश दिए। मतदाता जागरूकता को लघु फिल्म व वीडियो क्लिप से भी प्रदर्शन किया गया। इस दौरान अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।