जिले में हुई ओपन शूटिंग प्रतियोगिता में छोटे-छोटे शूटरों ने बड़ों को पछाड़ दिया। 12 साल के खिलाड़ी ने राइफल शूटिंग में गोल्ड मेडल जीता, वहीं 14 साल के खिलाड़ी ने पिस्टल शूटिंग में गोल्ड पर कब्जा जमाया। इस ओपन प्रतियोगिता में 10 से 40 साल तक के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।
शहर के मसेनी चौराहे के पास स्थित स्पोर्ट्स शूटिंग एकेडमी में 20 से 23 सितंबर तक ओपन शूटिंग चैंपियनशिप हुई। इसमें राजपूत रेजीमेंट सेंटर, सिखलाई रेजीमेंट सेंटर व गोरखा रेजीमेंट सेंटर इटावा व अन्य जिलों में मेरठ, कानपुर, इटावा और बुलंदशहर के शूटरों ने हिस्सा लिया। 177 एयर पिस्टल प्रतियोगिता में फतेहगढ़ के पुष्पेंद्र ने गोल्ड मेडल हासिल किया। उन्होंने महज 14 साल की उम्र में यह कारनामा किया है। एकेडमी की ओर से उन्हें गोल्ड मेडल व 5100 रुपये का पुरस्कार जीता।
इसी तरह 177 एयर राइफल चैंपियनशिप में 12 साल के अनुराग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। इससे पहले प्रतियोगिता का शुभारंभ 4 एनसीसी बटालियन के सीओ कर्नल बीएस तलवार ने किया। इस दौरान एकेडमी के अध्यक्ष कोच राघवेंद्र सिंह, मैनेजर बीएस चौधरी आदि लोग मौजूद रहे।