फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव धंसुआ में होली के दिन शाम को दो भट्ठों के मजदूर आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों में पथराव हो गया। घटना की जानकारी पर दरोगा मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने लगे।
दोनों पक्ष लगातार पथराव व डंडा चलाते रहे। इसी बीच दरोगा के हाथ में भी डंडा लग गया और वह घायल हो गए। कोतवाली से पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचे और चार लोगों को पकड़ कर कोतवाली लाए। इनका शांतिभंग में चालान कर दिया गया।
गांव धंसुआ में दो भट्ठे हैं। एक भट्ठे पर काम करने वाला युवक एक युवती से बात कर रहा था। तभी दूसरे भट्ठे पर काम करने वाले अधेड़ मजूदर ने युवक को युवती से बात करने से मना किया।
उसके न मानने पर अधेड़ ने युवक से मारपीट कर दी। इसको लेकर दोनों भट्ठों के मजदूर आमने सामने आ गए और लाठी-डंडा लेकर एक दूसरे पर हमला करने लगे। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पथराव किया।
घटना की जानकारी पर एक दरोगा सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर शांत करने का प्रयास किया, लेकिन कोई भी पक्ष उनकी सुनने को तैयार नहीं हुआ।
वह आपस में डंडों से मारपीट करते रहे। इसी बीच एक डंडा दरोगा के हाथ में लग गया और वह भी चुटहिल हो गए। दरोगा ने कोतवाली से फोर्स मंगाई।
कोतवाल अजय नरायन सिंह ने बताया कि दो पक्षों में विवाद हुआ था। दरोगा पर कोई हमला नहीं हुआ है। विवाद करने वाले चार लोगों को पकड़ कर शांतिभंग में चालान कर दिया है।
भट्ठा मजूदर आपस में भिड़े, दरोगा घायल
पुलिस ने चार लोगों का शांतिभंग में किया चालान