कमालगंज (फर्रुखाबाद)। जिलाधिकारी व एसपी ने मंगलवार को कमालगंज के चारों मतदान केंद्रों को निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ से जेंडर औसत निकाले जाने के विषय में पूछा, लेकिन एक दो को छोड़कर कोई बीएलओ इसकी जानकारी नहीं दे सका। उन्होंने एक मतदान केंद्र के रैंप के गड्ढे भरवाने के निर्देश दिए।
डीएम मोनिका रानी ने एसपी डा. अनिल मिश्रा के साथ मंगलवार को कमालगंज के चारों मतदान केंद्र सहकारी समिति, जूनियर विद्यालय, नगर पंचायत कमालगंज, कन्या पाठशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां पर बिजली, पानी की व्यवस्थाएं देखी। बीएलओ के नाम व नंबर वहां पर लिखे हैं या नहीं, साथ ही नंबर चालू हैं या नहीं इसकी जांच भी की। इसी दौरान उन्होंने बीएलओ से पहले मतदाताओं की संख्या आदि की जानकारी ली। बाद में उन्होंने पूछा कि जेंडर औसत कैसे निकालेंगे। इस पर 12 में से महज दो बीएलओ ही इसकी जानकारी दे सके। बाद में उन्होंने खुद बीएलओ को जेंडर औसत की जानकारी दी।
ईवीएम का दिया प्रशिक्षण
जिला कृषि अधिकारी डा. राकेश कुमार सिंह मंगलवार को कमालगंज क्षेत्र के बूथों पर पहुंचे। वहां उन्होंने ग्रामीणों को ईवीएम व वीवीपैट के विषय में बताया, साथ ही वोट डलवा कर भी दिखाए। इस दौरान वहां डीएम पहुंच गई। उन्होंने भी वहां लोगों से ईवीएम के बारे में पूछताछ की।