फर्रुखाबाद। सपा और बसपा का गठबंधन बेमेल है। इससे लोकसभा चुनाव में प्रदेश में कोई असर नहीं होगा। निजी स्वार्थ के लिए दोनों पार्टियों ने गठबंधन किया है। गरीब सवर्णों को दस प्रतिशत आरक्षण देकर प्रधानमंत्री नरेंद्र सिंह मोदी ने ऐतिहासिक निर्णय लिया है।
ठंडी सड़क स्थित अपने आवास पर सोमवार को पत्रकार वार्ता में सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि बसपा भ्रष्टाचार में लिप्त है तो सपा में परिवार और जातिवाद हावी रहता है। गठबंधन के बावजूद लोकसभा चुनाव में भाजपा सभी को फेल करेगी। कांग्रेस इतने साल सत्ता में रही लेकिन आज तक उसने सवर्णों को आरक्षण नहीं दिया।
सांसद ने कहा कि विपक्ष का कोई नेता नहीं चाहता था कि सवर्णों को आरक्षण मिले। अप्रत्यक्ष तरीके से विपक्षी दल इसका विरोध भी करते रहे लेकिन राज्यसभा और लोकसभा में बहुमत होने के चलते भाजपा ने सवर्णों को दस प्रतिशत आरक्षण दिया। अभी भी प्रधानमंत्री के पास कई मास्टर स्ट्रोक हैं, जो वह लोकसभा चुनाव में मारेंगे। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य रमेशचंद्र राजपूत, डब्बू गुप्ता, दिलीप भारद्वाज और नगर अध्यक्ष हिमांशु गुप्ता आदि रहे।