फर्रुखाबाद। शनिवार को आई जांच रिपोर्ट में 108 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इसमें जिला जेल के 18 बंदी भी शामिल हैं। इसके अलावा एक स्वास्थ्य कर्मी भी कोरोना की चपेट में आ गया। इससे जिले में संक्रमित हुए लोगों का आंकड़ा बढ़कर 8504 पहुंच गया है।
जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार थम नहीं रही है। जिला जेल में भी संक्रमण ने पांव पसार दिए हैं। जिला मुख्यालय पर आई जांच रिपोर्ट में जिला जेल के 18 बंदी भी कोरोना की चपेट में हैं। इनमें वृद्धा सहित चार महिला बंदी भी शामिल हैं। पता चला है कि बंदियों को न मास्क दिया जा रहा है और न ही हाथ धोने के लिए साबुन। जेल की सफाई व्यवस्था भी ठीक नहीं चल रही है।
बंदियों में सोशल डिस्टेंसिंग भी फेल है। विधिवत जांच हो जाए तो बड़ी संख्या बंदी संक्रमित निकलने की आशंका है। फिलहाल 100 बंदियों की जांच में 23 बंदी संक्रमित मिल चुके हैं। इसके अलावा सीएचसी बरौन का एक स्वास्थ्य कर्मी, लोहिया अस्पताल कैंपस निवासी महिला स्वास्थ्य कर्मी, शिक्षिका, भोलेपुर निवासी महिला व युवक, जेएनवी रोड निवासी वृद्ध व महिला, सिविल लाइन निवासी अधेड़, व दो महिला, ग्रानगंज निवासी अधेड़, नेकपुर निवासी महिला व दो युवक, दुर्गाकालोनी के चार लोग व अंबेडकर कालोनी निवासी तीन लोग कोरोना संक्रमित निकले।
इसके अलावा शहर के मोहल्ला लालदरवाजा निवासी अधेड़ व युवती, नरकसा निवासी वृद्ध व वृद्धा सहित शहरी क्षेत्र के 80 लोग कोरोना की चपेट में आए हैं। उधर, कमालगंज क्षेत्र के 14, मोहम्मदाबाद क्षेत्र के सात, नवाबगंज क्षेत्र का युवक, शमसाबाद क्षेत्र दो लोग कोरोना संक्रमित हुए। जिले में अब तक 8504 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 7570 लोग कोरोना को मात देकर ठीक हो चुके हैं, जबकि 130 मरीज जान गवां चुके हैं। जिले में अभी 804 केस एक्टिव हैं।
कोरोना संक्रमित महिला बंदी ने दिया बेटे को जन्म
जिला जेल में बंद महिला बंदी (20) को दो दिन पूर्व प्रसव पीड़ा होने पर उसे लोहिया महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच में कोरोना संक्रमित निकलने पर उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर काकर दिया गया। शुक्रवार को महिला बंदी ने पुत्र को जन्म दिया। जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित बताए गए हैं।