जिलाधिकारी मोनिका रानी ने शनिवार को राजकीय गो सदन का औचक निरीक्षण किया। निर्देश दिए कि अभियान चलाकर 10 जनवरी तक बाजार में घूम रहे अन्ना गो वंशों को पकड़कर गो सदन में बंद कराएं।
जिलाधिकारी शनिवार को कटरी धर्मपुर स्थित राजकीय गो सदन पहुंचीं। उन्होंने प्रबंधक प्रदीप श्रीवास्तव से भूसा, चारा और दाना के बारे में जानकारी की। जेनरेटर और दाना रखने वाले कक्ष के साथ ही अभिलेख भी देखे। उन्होंने कहा कि गायें, बछड़े और सांड़ अलग-अलग रखे जाएं। बताया गया कि गो सदन में 98 सांड़ बंद हैं। डीएम ने अतिरिक्त एसडीएम एवं प्रभारी ईओ रमेशचंद्र यादव को निर्देश दिए कि रात में दो होमगार्डों की ड्यूटी गो सदन में लगवाएं।
प्रधान धर्मवीर राजपूत से चारा की व्यवस्था करवाने को कहा। डीएम ने कहा कि एक माह का चारा, दाना व भूसा इकट्ठा मंगवाया जाए। गो सदन की जिस जमीन पर चारा बोया गया था, उसका भी डीएम ने जायजा लिया। डीएम को बताया गया कि गो सदन की देखरेख के लिए चार अस्थायी कर्मचारी भी लगे हैं, जिनका भुगतान नगर पालिका करती है। अस्थायी कर्मचारियों ने मानदेय बढ़ाए जाने के लिए डीएम को ज्ञापन दिया। अपर जिलाधिकारी विवेक श्रीवास्तव, तहसीलदार प्रदीप सिंह, नगर पालिका के बाबू विजय शुक्ल और विनय कुमार आदि मौजूद रहे।
प्रधान ने बालू खनन की शिकायत की
कटरी गो सदन की जमीन देखने के दौरान प्रधान धर्मवीर राजपूत ने शिकायत की कि कुछ लोग गो सदन की जगह से बालू खनन कर रहे हैं। डीएम ने कहा कि ऐसे लोगों के नाम बताएं। उन्हें जिला बदर किया जाएगा। ब्यूरो
पेंट के माध्यम से अन्ना पशु होंगे चिह्नित
सफाई नायकों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह लोग अन्ना जानवरों को चिह्नित करके उनके पेंट लगा दें। इसके अलावा यदि कोई जानवर खुला घूमता मिला तो उसके मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। ब्यूरो
वन विभाग समेटे बोरिया बिस्तर
राजकीय गो सदन की जमीन पर वन विभाग की पौधशाला देख डीएम ने मातहतों को निर्देश दिए कि वह लोग वन विभाग का बोरिया बिस्तर यहां से समेट दें। क्योंकि यह जमीन गो सदन की है। यहां पर हरा चारा बोयें, जिससे जानवरों के लिए पास में ही चारा की व्यवस्था हो जाए। ब्यूरो
अफसरों के माध्यम से मिलेगा एक माह का भूसा व दाना
हरा चारा होने में एक माह का समय लगने की जानकारी मिलने पर डीएम मोनिका रानी ने कहा कि राजकीय गो सदन में बंद गो वंशों के एक माह के चारा, दाना व भूसा की व्यवस्था जिले के अफसरों के माध्यम से कराई जाएगी। उन्होंने एस्टीमेट बनाकर इंतजाम करने के निर्देश एडीएम विवेक श्रीवास्तव को दिए। प्रधान धर्मवीर राजपूत से कहा कि वह हरे चारे के लिए व्यवस्था करें। हरा चारा जो लाकर देगा उसको भुगतान भी किया जाएगा। ब्यूरो