मवई थाना क्षेत्र स्थित जिला पंचायत सदस्य के घर लगी आग।
- फोटो : अमर उजाला
मवई थाना क्षेत्र के दीवान का पुरवा मजरे कछौली गांव निवासी मवई तृतीय क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य राजू रावत के कच्चे घर में मंगलवार रात अचानक आग लग गई। आग लगने से पूरी घर जलकर राख हो गया। सूचना के बावजूद अग्निशमन दल के न पहुंचने पर लोगों में आक्रोश रहा। ग्रामीणों के प्रयास से आग पर काबू पा लिया गया।
जिपं सदस्य ने बताया कि मंगलवार रात जब सब लोग भोजन करके सो गए, तभी अचानक घर से धुआं उठने लगा। घर से बाहर निकल कर जब आए तो देखा घर से लपटे उठ रही थी। हल्ला गुहार पर एकत्र हुए ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
आग की चपेट में आकर घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। दूसरी ओर ग्रामीणों में इस बात को लेकर आक्रोश रहा कि जब एक जनप्रतिनिधि के घर हुई घटना पर फायर ब्रिगेड नहीं पहुंची तो आम आदमी के साथ क्या होगा। तहसीलदार ज्ञानचंद गुप्ता ने बताया कि जानकारी मिली है, हल्का लेखपाल को मौके पर भेजा गया है। आंकलन होने के बाद अहेतुक सहायता प्रदान की जाएगी।