रुदौली विधानसभा क्षेत्र के नेवरा बाजार मैदान में बुधवार को चुनावी सभा को संबोधित करते हुए नगर विकास मंत्री आजम खान ने कहा कि मुल्क के बादशाह को कब्रिस्तान और श्मशान चाहिए। देश के जिंदा लोगों को वे श्मशान और कब्रिस्तान दिखा रहे हैं।
प्रधानमंत्री पर हिंदू-मुस्लिम को आपस में लड़ाने का आरोप लगाते हुए आजम खान ने कहा कि जब हिंदुओं के यहां होली होती हैं तो हम उनके यहां गुझिया खाते हैं और जब मुस्लिम के यहां ईद होती हैं तो हिन्दू भाई सेवइयां खाते हैं। ऐसे में श्मशान की बात कहकर लड़ाने का काम किया जा रहा है।
आजम खान ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि सुनिए फकीर साहब, आप जाते हो तो जाओ पर झोला यहीं रखते जाओ। जो व्यक्ति 80 करोड़ के कपडे़ पहनता हो वो फकीर कैसे हो सकता है। उन्होंने काला धन बैंक खातों में डालने वाली बात पर कहा कि लोगों को ख्वाब दिखा कर ठगा गया है। लोग मुझे यहां से जाने के लिए कहते हैं पर मैं उस समय नहीं गया जब रास्ते खुले थे, अब क्यों जांऊ।
उन्होंने बसपा पर तीर चलाते हुए कहा कि जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी भागेदारी का नारा देती है और मुस्लिमों को टिकट दिया वह भी केवल 100, कहा कि यही 100 लोग बसपा के विनाश का कारण बनेंगे। कहा कि बहन जी सर्व समाज की बात करती हैं तो किसी मुस्लिम को सीएम बना दें।
यदि मुस्लिम को सीएम बनाती हैं तो वोट दे देना। मैं यहां का टिकट वापस ले लूंगा। उन्होंने कहा कि हजारों पार्क और कई जिले बनाए लेकिन किसी मुस्लिम के नाम हैं क्या। आजम खान ने दिल्ली जामा मस्जिद के मौलाना इमाम बुखारी को कौम का सौदागर कहा।
उन्होंने खुद को मुसलमानों का वकील बताया और कहा कि मैंने मुसलमानों को कभी अकेला नहीं छोड़ा। बिरयानी का इंतजार मत करिए, वरना हैदराबाद से आने तक बिरयानी में कीड़े पड़ जाएंगे। साध्वी प्राची के हिंदू मक्का मदीना में नमाज पढ़ने वाले बयान को हिंदुओं का अपमान करार देते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की।