बड़ागांव (अयोध्या)। खेत की सिंचाई करते समय कलाफरपुर निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुरुवार सुबह करीब छह बजे शौच को गए ग्रामीणों ने इस घटना की जानकारी मृतक के परिजनों के साथ ही पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
रौनाही थाना क्षेत्र के सत्तीचौरा चौकी अंतर्गत अलावलपुर गांव निवासी युवक रविंद्र कुमार उर्फ छग्गन (35) बीते बुधवार की रात अपने खेत की सिंचाई करने के लिए गया था।
गुरुवार सुबह उसका शव खेत में पड़ा मिला। ग्रामीण सोमनाथ पांडे के अनुसार जब ग्रामीण शौच के लिए खेतों की तरफ गए तो युवक को अचेतावस्था में देखा, जिसकी सूचना उन्होंने परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे सतीचौरा चौकी प्रभारी ने बताया कि घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।