तारुन के खंड विकास अधिकारी चंद्रभान तिवारी पर भाकियू कार्यकर्ताओं द्वारा दफ्तर में घुसकर हमला करने और पंचायत स्थल तक घसीट ले जाने के मामले में जिले की सभी ब्लॉकों में शुक्रवार को कामकाज पूरी तरह ठप रहा। आक्रोशित ब्लॉक अधिकारियों और कर्मचारियों ने परिसर में बेमियादी धरना शुरू कर दिया है। साथ ही चेतावनी दी कि आरोपी भाकियू नेताओं की गिरफ्तारी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। जिला प्रशासन से तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग उठाई गई।
तारुन संवाददाता के अनुसार भाकियू की बीते दिन मासिक पंचायत में बीडीओ के साथ अभद्रता, मारपीटकर घसीटने के आरोपी भाकियू कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी न होने पर पीड़ित बीडीओ चंद्रभान तिवारी के नेतृत्व में ब्लॅाक कर्मियों ने शुक्रवार को अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।
बीडीओ चंद्रभान तिवारी के साथ जोर जबरदस्ती व अभद्रता होने पर ग्राम विकास अधिकारी संघ, ग्राम पंचायत अधिकारी संघ, सफाई कर्मचारी संघ तथा रोजगार सेवक संघ भी हड़ताल में शामिल हो गया। ब्लॉक कार्यालय का ताला पूरे दिन नहीं खुला। हड़ताल कर धरने पर बैठे कर्मियों ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से कर्मचारियों में गुस्सा है। बीडीओ चंद्रभान तिवारी ने कहा कि मेरे साथ हुई बदसुलूकी व मारपीट से सभी कर्मचारी भयभीत हैं।
धरने पर बैठे कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर लिया जाएगा, तब तक अधिकारी/कर्मचारी कार्य से विरत रहकर धरना देते रहेंगे। धरने में शेषदेव पांडेय, अनिल सिंह, राजकुमार यादव, राजेंद्र सिंह, सुभाष चंद्र शुक्ला आदि शामिल रहे।
उधर, तारुन में बीडीओ को अपमानित करने के मामले में मवई ब्लॉक पर बीडीओ शिव प्रसाद, एडीओ पंचायत अनिल श्रीवास्तव, एडीओ सांख्यिकी विनोद कुमार, ग्राम पंचायत अधिकारी भगवानदीन, कार्यालय कर्मचारी, ग्राम रोजगार सेवकों और रुदौली ब्लॉक मुख्यालय पर बीडीओ राम औतार, एडीओ पंचायत तुलसीराम विश्वकर्मा, एडीओ समाज कल्याण मनीष श्रीवास्तव, जेई एमआई, कार्यालय लिपिक सुशील कुमार सहित विकास विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों ने तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया।
उनकी मांग थी कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए। इसी तरह मिल्कीपुर, सोहावल, पूरा, मया, हैरिंग्टनगंज, अमानीगंज, बीकापुर आदि सभी ब्लॉकों पर विरोध में कामकाज ठप रहा।
शुक्रवार को ब्लॉक कर्मियों का धरना शुरू होते ही प्रशासन में हलचल मच गई। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर एसडीएम धरमपाल सिंह ने तारुन में धरना स्थल पर पहुंचकर बीडीओ चंद्रभान तिवारी सहित अन्य कर्मियों से बात कर धरना देने से मना किया। लेकिन ब्लॉक कर्मी एसडीएम की बात न मानकर धरने पर बैठे रहे।
गांव की सफाई करने के लिए तैनात सफाई कर्मियों ने भी शुक्रवार से सफाई करने से हाथ खड़े कर दिए हैं। ब्लॉक अध्यक्ष रमाकांत वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में कहा गया कि सभी सफाई कर्मी बीडीओ से अभद्रता कर मारपीट करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी न होने तक कार्य नहीं करेंगे।
भाकियू नेताओं पर दर्ज मुकदमे के आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर गुरुवार रातभर पुलिस अभियान चलाकर दबिश देती रही। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुलदीप नरायण ने बीकापुर सर्किल सहित अन्य थानों की पुलिस के साथ बैठक कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की रणनीति बनाई। मातहतों को निर्देश दिया कि आरोपियों को किसी भी दशा में गिरफ्तार किया जाए।
सीओ महेंद्र सिंह चौहान की अगुवाई में तारुन थाना प्रभारी केके गुप्ता, हैदरगंज प्रभारी आरपी शुक्ला, बीकापुर के प्रभारी जितेंद्र ंसिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल मामले के आरोपी विजयकांत, लल्लू उपाध्याय, प्रमोद पांडेय, अरविंद गिरि सहित अन्य के संबंधित ठिकानों पर रात भर दबिश देती रही।
बीडीओ पर हमला मामले में आरोपी भाकियू नेता प्रमोद पांडेय को गिरफ्तार करने गए पुलिस बल से प्रमोद की पत्नी व परिवार की महिलाओं ने मोर्चा लिया। आरोपी प्रमोद को पुलिस के हाथ आने से बचाकर उसे घर से भगाकर पुलिस कर्मियों से मारपीट कर गाली गलौज भी की।
हैदरगंज के कोतवाल आरपी शुक्ला ने प्रमोद पांडेय, उसकी दो बेटियों व पत्नी निवासी करौंदी थाना हैदरगंज के विरुद्ध हैदरगंज थाने में गुरुवार रात रिपोर्ट दर्ज करा दी। प्रमोद पांडेय को गिरफ्तार करने के लिए सीओ महेंद्र सिंह चौहान ने तारुन तथा हैदरगंज थाने के पुलिस बल के साथ प्रमोद के घर पर दबिश दी थी, जिसमें प्रमोद के परिवारीजनों ने पुलिस कर्मियों से मारपीट पर उतारू होकर गाली गलौज की।
तारुन आरोपी प्रमोद पांडेय को पुलिस ने फैजाबाद शहर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रमोद की गिरफ्तारी के बाद उसे कैंट थाने ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ कर आगे की कार्यवाही की जा रही है। इसकी पुष्टि हैदरगंज थाने के प्रभारी आरपी शुक्ला ने की है।