अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय का 25 वां दीक्षांत समारोह 15 मार्च को आयोजित होगा। यह निर्णय विश्वविद्यालय के कौटिल्य प्रशासनिक भवन के सभागार में सुबह साढ़े दस बजे कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह की अध्यक्षता में लिया गया। इसकी तैयारियों के संबंध में कमेटियां गठित कर दी गई हैं।
बैठक में कुलपति ने विश्वविद्यालय के 25 वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों व विभिन्न समितियों के गठन पर संकायाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों, समन्वयकों व अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की। कुलपति ने बताया कि कोविड गाइडलाइन के अनुपालन में दीक्षांत समारोह होगा। इसके लिए विभिन्न समितियों का गठन किया जाएगा। हर समिति शीघ्र ही बैठक कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
बैठक में कुलपति ने बताया कि नई समितियों के गठन के लिए सभी समन्वयक 15 दिन की अवधि के अंदर कुलसचिव कार्यालय को नए सदस्यों के नाम उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। दीक्षांत समारोह की तैयारियों के संबंध में शीघ्र ही दायित्व समिति के समन्वयकों को सौंप दिया जाएगा। बैठक में कुलसचिव उमानाथ, वित्त अधिकारी धनजंय सिंह, मुख्य नियंता प्रो. अजय प्रताप सिंह, प्रो. नीलम पाठक, प्रो. अनुपम श्रीवास्तव, प्रो. आरके सिंह, प्रो. एसएस मिश्र, प्रो. एनके तिवारी, प्रो. विनोद कुमार श्रीवास्तव, प्रो. सिद्धार्थ कुमार शुक्ल, प्रो. अनूप कुमार, प्रो. शैलेंद्र कुमार, प्रो. शैलेंद्र कुमार वर्मा, उप कुलसचिव विनय कुमार सिंह, सहायक कुलसचिव मो. साहिल अहमद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।