अयोध्या। अवध विश्वविद्यालय प्रशासन ने शैक्षणिक सत्र 2020-21 में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को अगली कक्षा में प्रोन्नत किए जाने अथवा परीक्षाएं आयोजित किए जाने के संबंध में संबद्ध महाविद्यालयों को पुन: आदेश जारी किया है।
उच्च शिक्षा विभाग एवं राज्य उच्च शिक्षा परिषद के आदेश पर कहा गया है कि विश्वविद्यालय से संबद्ध कतिपय महाविद्यालय अथवा संस्थान छात्र-छात्राओं का अगली कक्षाओं में प्रवेश नहीं ले रहे हैं।
ऐसे छात्र-छात्राओं को अगली कक्षाओं में तत्काल प्रवेश देना सुनिश्चित किया जाए। उक्त व्यवस्था के अनुसार ही प्रोन्नत छात्र-छात्राओं का परीक्षा परिणाम एवं अंक निर्धारित कर स्नातक प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं को द्वितीय वर्ष में प्रोन्नत किया जाएगा।
वर्ष 2022 में होने वाली उनकी द्वितीय वर्ष की परीक्षा के अंकों के आधार पर उनके प्रथम वर्ष का परीक्षा परिणाम तथा अंक निर्धारित होंगे। इसी तरह स्नातक द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं को तृतीय वर्ष में प्रोन्नत किया जाएगा।
वर्ष 2020 के प्रथम वर्ष के परीक्षा परिणाम के आधार पर द्वितीय वर्ष का परीक्षा परिणाम निर्धारित होगा। यह जानकारी विवि के परीक्षा नियंत्रक उमानाथ ने दी।
उन्होंने बताया कि इसी तरह परास्नातक पूर्वार्द्ध के छात्र-छात्राओं को उत्तरार्द्ध में प्रोन्नत किया जाएगा। वर्ष 2022 में होने वाली उनकी परास्नातक उत्तरार्द्ध की परीक्षा के आधार पर उनका परास्नातक पूर्वार्द्ध का परीक्षा परिणाम तथा अंक निर्धारित किये जाएंगे।
ऐसे छात्र-छात्राएं जो घोषित परीक्षा परिणाम से संतुष्ट नहीं होंगे वह वर्ष 2021-2022 में आयोजित होने वाले बैक पेपर परीक्षा अथवा मुख्य परीक्षा वर्ष 2023 में आयोजित होने वाली वाली परीक्षा के उन सभी अथवा किसी भी विषय की परीक्षा में सम्मिलित होकर अंकों में सुधार करने मौका पा सकेंगे।