अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विवि ने कैंपस में संचालित सभी 52 कोर्सों में इस सत्र से नई सेमेस्टर परीक्षा प्रणाली लागू करने का निर्णय लिया है।
इसकी गाइड लाइन जारी कर दी गई है। इसके मुताबिक छह माह के एक सेमेस्टर में अब दो परीक्षा मिड व इंड देना अनिवार्य होगा। सभी में बराबर अंक के प्रश्नपत्र होंगे।
यह परीक्षा 50 अंकों की होने के साथ सब्जेक्टिव होगी। इसके उपरांत सेमेस्टर के अंत में होने वाली परीक्षा 50 अंकों की होगी और प्रश्न ऑब्जेक्टिव होंगे।
अवध विवि के कैंपस में 52 से अधिक पाठ्यक्रम लागू हैं। विवि प्रशासन नैक मूल्यांकन व यूजीसी के मानकों के मद्देनजर परीक्षा की शुचिता व पारदर्शिता को बनाए का प्रयास करता दिख रहा है।
अभी तक विवि प्रशासन के कैंपस में एक सेमेस्टर में सिर्फ एक बार परीक्षा होती थी। इसी के आधार पर अंकों का निर्धारण हो जाता था।
इसमें विवि प्रशासन पर अपने विशेष व कृपा पात्र विद्यार्थियों पर अधिक अंक देने का आरोप लग जाता था। कई बार इस प्रकार की समस्याएं सामने भी आईं हैं।
इसके दृष्टिगत विवि प्रशासन ने कैंपस में सेमेस्टर के मध्य और अंतिम में दो बार परीक्षा परीक्षा कराने का निर्णय लिया है। अब विवि कैंपस की सभी पाठ्यक्रम की परीक्षाएं इसी प्रणाली के अंतर्गत होंगी।
विवि प्रशासन सेमेस्टर शुरू होने के तीन माह बाद सेमेस्टर के मध्य परीक्षा कराएगा। इसमें सभी प्रश्नों के उत्तर विद्यार्थियों को लिखित में देने होंगे। इसके परीक्षा परिणाम एक पखवारे में जारी होंगे।
व्यवस्था यह लागू की गई है कि कोई भी विद्यार्थी अपनी उत्तर पुस्तिका देखने के साथ अपनी कक्षाओं के सहपाठियों की भी उत्तर पुस्तिकाएं देख सकेगा। इसके अंक 50 होंगे।
इसके उपरांत दूसरी परीक्षा सेमेस्टर के अंत में बहुविकल्पी प्रश्नों के उत्तर के रूप होगी। यह कंप्यूटर सीट पर होने के कारण दो दिन में परिणाम जारी हो जाएगा। इससे कैंपस के परीक्षा परिणाम प्रभावित नहीं होंगे और अगले सेमेस्टर की तैयारी व पढ़ाई छात्र कर सकेंगे।
अब तक 30 की सेशनल व 70 अंक की होती थी परीक्षा
अवध विवि के कैंपस में अब तक सेमेस्टर परीक्षा में 70 की लिखित व 30 अंक की सेशनल परीक्षाएं होती थीं। इसमें 70 अंक की लिखित परीक्षा में विद्यार्थियों को एक-दूसरे की उत्तर पुस्तिका नहीं देख सकते थे।
साथ ही सेशनल परीक्षा के 30 अंकों में शिक्षकों की ओर से अपने कृषा व विशेष विद्यार्थियों पर अधिक अंक देने का आरोप लगता था। लेकिन अब दोनों परीक्षाएं विवि प्रशासन की ओर से आयोजित कराने के चलते कुछ हद तक पारदर्शिता आने की उम्मीद है।
विवि के कैंपस में सेमेस्टर परीक्षा प्रणाली के अंतर्गत एक सेमेस्टर में दो बार परीक्षाएं कराई जाएंगी। दोनों परीक्षाएं विवि प्रशासन अपने स्तर से आयोजित करेगा। साथ ही दोनों के अंक समान होने के साथ उत्तर पुस्तिकाएं अपने कक्षाओं के विद्यार्थियों को दिखाने की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इससे परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता आएगी।
प्रो. एसएन शुक्ल, प्रति कुलपति, अवध विवि