अयोध्या-पत्रकारों से वार्ता करते एसएसपी प्रशांत वर्मा।-संवाद
- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या। नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने मंगलवार को कहा कि जिले की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।
अपराध पर अंकुश लगाने के लिए थानावार टॉप टेन अपराधी व माफियाओं को चिह्नित करके उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस लाइंस सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि टॉप टेन अपराधी व माफियाओं के द्वारा अर्जित की गई अवैध संपत्तियों को चिह्नित कराकर उसकी कुर्की की कार्रवाई भी की जाएगी।
कहा कि अयोध्या संवेदनशील जनपद है। यहां पर आए दिन तमाम योजनाओं व कार्यक्रमों की वजह से सुरक्षा व्यवस्था व्यवस्थित रखना चुनौती पूर्ण कार्य होता है। इसके लिहाज से सुरक्षा का खाका खींचा जाएगा।
शासन की प्राथमिकताओं के आधार पर महिला सुरक्षा, यातायात व्यवस्था के साथ-साथ अपराध पर अंकुश लगाना प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी लाने के लिए ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए जाएंगे और लोगों को जागरूक करने के लिए समय-समय पर अभियान चलाए जाएंगे।
उन्होंने मीडिया कर्मियों से जिले में कानून का राज स्थापित करने के लिए सहयोग मांगा। मालूम हो कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडे का प्रयागराज स्थानांतरण होने के बाद उनके स्थान पर आईपीएस प्रशांत वर्मा को तैनाती दी गई है।
वह उन्नाव के मूल निवासी हैं और 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। ट्रेनी आईपीएस के रूप में उन्होंने मेरठ से नौकरी की शुरुआत की थी। इसके बाद वाराणसी में सीओ, लखीमपुर खीरी में एसपी, आगरा में पुलिस अधीक्षक नगर, फतेहपुर और कन्नौज में पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं दे चुके हैं।