अयोध्या। जीआईसी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों टेबलेट/स्मार्ट फोन पाकर युवाओं के चेहरे खिल उठे। अपने सपनों को पंख लगता देख युवा जोश से भर उठे और जय श्रीराम का उद्घोष किया।
युवाओं के नारों से परिसर गूंज उठा। ‘अमर उजाला’ से खास बातचीत में युवाओं ने इसे सराहनीय कदम बताते हुए भविष्य को संजोने में संजीवनी बताया।
राजकीय इंटर कॉलेज के परिसर में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में जिले के दो हजार युवाओं को टेबलेट/स्मार्ट फोन वितरित किया गया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने सर्वप्रथम राजकीय पॉलीटेक्निक की स्वाति विश्वकर्मा, अनुभूति यादव व मुकुल कश्यप को टेबलेट दिया तो पांडाल में बैठे अन्य युवा उत्साहित होकर नारेबाजी करने लगे।
इसके बाद सीएम ने राजकीय महिला पॉलीटेक्निक की पलक चंदेला, मानसी श्रीवास्तव, डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की प्रियंका सिंह, आशी शर्मा, शिवाली, अंतिमा, शिवानी मिश्रा, शिवानी पटेल, ज्योति दूबे, रितिका ठाकुर सहित करीब 20 छात्र-छात्राओं को अपने हाथों से टेबलेट वितरित किया।
टेबलेट प्राप्त करने के बाद युवाओं में उत्साह देखा गया। ‘अमर उजाला’ से बातचीत में सभी ने सरकार के इस फैसले को सराहा और भविष्य में उनकी शिक्षा के लिए भी लाभप्रद करार दिया।
सपना साकार होने पर खुशी हो रही है। हमें भी डिजिटल पढ़ाई का अवसर मिल रहा है, इससे मन उत्साहित है। -रुचि, राजकीय आईटीई, बेनीगंज
कोरोना काल में ऑनलाइन शिक्षा हुई है। फिर से कोरोना आ रहा है, ऐसे में मुख्यमंत्री का यह गिफ्ट बहुत उपयोगी होगा। -अमृता पांडेय, राजकीय आईटीई, बेनीगंज
स्कूल बंद होने पर फोन ही पढ़ाई का एक सशक्त जरिया बनता है। कोरोना काल में इसकी महत्ता सामने आई है। सरकार ने ध्यान दिया, धन्यवाद। -मनीष अग्रवाल, राजकीय आईटीई, बेनीगंज
टेबलेट के जरिए दुनिया की जानकारी भी आसानी से मिल सकेगी। रोजगार परक शिक्षा भी आसान होगी। सीएम की युवाओं के लिए यह अच्छी पहल है। -सौरभ, राजकीय आईटीई, बेनीगंज
कोरोना काल में कॉलेज बंद हो रहे हैं, ऐसे में पढ़ाई के लिए टेबलेट उपयोगी होगा। मुख्यमंत्री को इसके लिए विशेष आभार। -अंतिमा यादव, एमएससी, फिजिक्स
तकनीकी युग में पढ़ाई के लिए यह उपयुक्त साधन है, इससे पढ़ाई में मदद मिलेगी। दूसरों की भी मदद की जा सकती है। -लकी पांडेय, एमएससी इलेक्ट्रानिक
इंटरनेट के जरिए पढ़ाई के नई पद्धतियों की भी जानकारी होती है। मुख्यमंत्री ने पढ़ाई की राह आसान करने के लिए जो पहल की है, वह स्वागत योग्य है। -अन्नपूर्णा तिवारी, एमएससी फिजिक्स
संसाधनों के अभाव में अच्छी शिक्षा नहीं मिल पाती है। मुख्यमंत्री ने इस समस्या पर गौर किया और टेबलेट उपलब्ध कराया, यह स्वागत योग्य है। -अमन श्रीवास्तव, बीए तृतीय वर्ष
स्मार्ट फोन के जरिए तमाम तकनीकी जानकारियां आसानी से मिल जाती हैं। साथ ही रोजगारपरक शिक्षा को भी बढ़ावा मिलता है। मुख्यमंत्री की यह पहल सराहनीय है। -अंशुमान श्रीवास्तव, एमसीजे
इतने शानदार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के हाथों टेबलेट मिलने का यह पल यादगार है। आगे की पढ़ाई ऑनलाइन करने में काफी मदद मिलेगी।-आशी शर्मा, एमबीए टूरिज्म