फैजाबाद की रुदौली कोतवाली के शुजागंज चौकी क्षेत्र के कैथी गांव में अज्ञात कारणों से लगी आग से जलकर राख हुआ सामान।
- फोटो : अमर उजाला
रुदौली कोतवाली के शुजागंज चौकी क्षेत्र के कैथी गांव में सोमवार रात अज्ञात कारणों से एक मकान में लगी आग में चार हजार की नकदी सहित सारा सामान जल गया। कैथी निवासी सुशील सिंह पुत्र जगदंबा सिंह के यहां एक हफ्ते पूर्व जगन्नाथजी का भंडारा हुआ था।
भंडारे के पश्चात् गोवर्धन पूजा की तैयारी चल रही थी। सोमवार की रात भोजन के बाद परिवारीजन सोने चले गए। रात तकरीबन 10 बजे अचानक घर में आग लग गई। घर में सो रहे परिवारीजन आग की लपटों को देख बाहर भागे। हल्ला गुहार मचा लेकिन तब तक आग की चपेट में आकर घर में रखा सारा समान जल गया।
पीड़ित मकान मालिक सुशील सिंह ने बताया कि घर में रखा दो क्विंटल अनाज, कपडे़, बिस्तर, सोलर पैनल सहित चार हजार की नकदी व अन्य सामान भी जल गया। राजस्व निरीक्षक फकीरे ने बताया कि नुकसान का आकलन कर मंगलवार को रिपोर्ट तहसील प्रशासन को सौंप दी गई है।