अयोध्या। दहेज की मांग पूरी न होने पर लड़के वाले बारात लेकर नहीं आए। इससे शादी की सारी तैयारियां धरी की धरी रह गईं। लड़की पक्ष ने थाना कैंट में लड़के पक्ष की एक महिला समेत तीन के खिलाफ दहेज उत्पीड़न के तहत केस दर्ज कराया है।
अयोध्या शहर के रहने वाले एक परिवार ने अपनी बेटी का विवाह अंबेडकरनगर जनपद के एक युवक से तय किया था। दोनों पक्षों की सहमति पर 20 फरवरी विवाह की तिथि तय की गई थी।
तय तारीख के मुताबिक वधु पक्ष ने डाभासेमर स्थित एक पैलेस में सभी इंतजाम किए थे लेकिन शाम होने पर बारात ही नहीं आई। इस पर जब वर पक्ष से संपर्क किया गया तो पता चला कि बारात नहीं आ रही है।
लड़की के परिवारवालों का आरोप है कि उन्होंने अपनी क्षमता के अनुसार दान दहेज देने का इंतजाम किया था, लेकिन लड़के वाले उनकी क्षमता से अधिक की मांग कर रहे थे। मांग न पूरी कर पाने के कारण ही उन्होंने बारात लाने से इनकार कर दिया।
मामले में वधु पक्ष की ओर से कैंट थाने में तहरीर दी गई। थाना कैंट प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि अंबेडकरनगर निवासी हरिओम श्रीवास्तव, उसके पिता वीरेंद्र श्रीवास्तव और उसकी बहन निधि श्रीवास्तव के विरुद्घ दहेज अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।